मुरादाबाद में हज से लौटते समय हुआ हादसा, 5 की मौत
यूपी डेस्कः मुरादाबाद में गुरुवार सुबह मूंढापांडे थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे के पास हुए सड़क हादसे में 5 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में पिता और उनके 3 बेटे, ड्राइवर हैं। कार सवार लोग रामपुर जिले के स्वार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी हज करके लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दिल्ली की ओर से आ रही कार मूंढापांडे में पुल क्रॉस करते ही अचानक एक दूसरी कार से भिड़ गई।
कार की स्पीड तेज थी। इसलिए कार उछलकर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी साइड में जाकर सड़क पर गिरी। दूसरी लेन में जाने पर कार एक रोडवेज बस के आगे आ गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पूरी कार चकनाचूर हो गई और उसमें सवार 6 में से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल रामपुर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को हाईवे से हटवाया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेजा। एक घायल को मूंढापांडे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में हाजी अशरफ (68 साल) और उनके 3 बेटे नक्शे अली (40 साल), आरिफ अली (22 साल), इंतेखाब अली (19 साल), कार ड्राइवर अहसान (35 साल) हैं। ये सभी रामपुर जिले में स्वार थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रमपुर के हैं।
रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र में मुकर्रमपुर निवासी हाजी अशरफ अली अपने परिवार के साथ हज करने गए थे। गुरुवार सुबह दिल्ली एयरपोर्ट से ये परिवार 2 कारों में सवार हुआ और अपने घर को चल दिया। नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र में मूंढापांडे फ्लाईओवर को पार करते ही अचानक चालक को झपकी लगी। इससे कार अनियंत्रित होकर पहले दूसरी कार से टकराई फिर उछलकर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी साइड पहुंच गई। जहां उसे रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इसमें कार चकनाचूर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही लोग मूंढापांडे को दौड़ पड़े। यहां बड़ी तादाद में भीड़ इकट्ठा हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस से बिना पोस्टमॉर्टम के शव सुपुर्द करने की मांग की। पुलिस ने समझा कर किसी तरह लोगों को शांत किया। करीब घंटेभर की मशक्कत के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम कराने को राजी हुए।













Post a Comment
0 Comments