Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

खोजी कुत्ते ने ढूढ़़ निकाला आरोपी को, तंत्र मंत्र के चक्कर मे मासूम की बलि

 

खोजी कुत्ते ने ढूढ़़ निकाला आरोपी को, तंत्र मंत्र के चक्कर मे मासूम की बलि
यूपी डेस्कः
बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अवंतीनगर में शनिवार सुबह 11 बजे से लापता मासूम मान्या (42 माह) की हत्या कर दी गई। रात आठ बजे उसका शव घर से कुछ दूरी पर ही एक घर में किराए पर रहने वाली महिला के कमरे से बरामद किया गया। प्रथमदृष्टया बताया जा रहा है कि तंत्र मंत्र के चक्कर मे बलि दी गई है।




पुलिस के मुताबिक, जिस कमरे में बच्ची का शव मिला, वहां बिस्तर के चारों ओर खड़िया से कुछ बच्चों के नाम लिखे थे और तंत्र क्रिया करने की सामग्री बिखरी पड़ी थी। दरअसल, ई-रिक्शा चलाने वाले सचिन के मकान में निर्माण कार्य चल रहा है, इसके चलते वे मोहल्ले में ही एक अन्य मकान में पत्नी, पांच वर्षीय पुत्र और साढ़े तीन वर्षीय पुत्री मान्या के साथ किराए पर रह रहे हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे मान्या और उसका बड़ा भाई घर के बाहर खेल रहे थे। कुछ देर बाद बेटा घर आ गया, लेकिन मान्या का कहीं पता नहीं चला। 

परिजनों ने काफी देर तक आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। घबराए परिजनों ने नगर कोतवाली की आवास विकास चौकी पहुंचकर बच्ची की गुमशुदगी की तहरीर दी और सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। मौके पर पहुंचा खोजी कुत्ता बार-बार एक बंद कमरे के बाहर जाकर रुकने लगा। शक गहराने पर पुलिस ने मकान मालिक से पूछताछ की, तो पता चला कि इसमे एक महिला किराये पर रहती है, सुबह वह ताला लगाकर कहीं चली गई। संदेह पुख्ता होने पर पुलिस ने आरोपी महिला के कमरे का ताला तुड़वाया। 

अंदर मासूम बच्ची का शव पड़ा था। मामले में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है। रात में लगभग नौ बजे आक्रोशित भीड़ ने कॉलोनी के बाहर दिल्ली-बुलंदशहर हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया उसके बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं थे। उधर पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपी महिला की जो तस्वीरें सामने आई हैं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं। उसके कमरे का ताला तोड़ने के बाद जब पुलिस अंदर दाखिल हुई, तो वहां का माहौल किसी तांत्रिक के अड्डे जैसा नजर आया। 

उसके बेड के आसपास फर्श पर खड़िया से विभिन्न आकृतियां बनाई गई थीं। आकृतियों पर कई बच्चों के नाम लिखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी अंधविश्वास या सिद्धि प्राप्ति के चक्कर में तंत्र क्रिया कर रही थी, जिसकी कीमत मासूम मान्या को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या इस घिनौने कृत्य में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि आरोपी महिला करीब एक साल पहले ही रोहतास के मकान में किराए पर रहने के लिए आई थी। 

वह बेहद संदिग्ध और अलग-थलग स्वभाव की थी। मान्या की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वारदात के बाद फरार हुई आरोपी महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, महिला बेहद शातिर है और पूछताछ में बार-बार अपने बयान के साथ ही अपना नाम भी बदल रही है। वह कभी खुद को सोनाली बता रही है, तो कभी अपना नाम अनन्या बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। एसएसपी ने बताया कि उसके पास से मिले आधार कार्ड में उसका नाम सोनाली दर्ज है। 

Tags

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

MARIUM HOSPITAL
SIDDHANT HERBAL BATH SOAP

Bottom Ad