चोरी की फर्जी सूचना देने से बाज नही आ रहे लोग
बस्ती, 17 सितम्बर। जनपद में हो रही चोरी की ताबड़तोड़ घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। पुलिस एक ओर घटनाओं के खुलासे भी कम कर पा रही है और दूसरी ओर लोग चोरी की झूठी सूचनायें देकर पुलिस को परेशान भी कर रहे हैं। पहला मामला लालगंज थाना क्षेत्र का है जहां एक यू ट्यूबर महिला ने अपने चैनल की व्यूज बढ़ाने के लिये के लिये चोरी की झूठी सूचना देकर पुलिस को परेशान कर दिया। जांच में घटना फर्जी निकली तो पुलिस ने आरोपी महिला को चेतावनी देकर छोड़ दिया। घटना बसौढी गांव की है, जहां महिला ने डायल 112 को सूचना दी थी कि उसके घर का ताला तोड़कर चार अज्ञात लोग अंदर घुसे और जेवर लेकर धमकियां देते हुये भाग गये। जांच मे घटना फर्जी पाई गयी।चोरी की दूसरी सुचना पुलिस को छावनी थाना क्षेत्र से दी गई। सूचना देने वाली सुनीता सिंह पत्नी संतोष कुमार सिंह निवासी सरभंगा, ने डायल 112 पर अपने घर में सामान चोरी होने की सूचना दी थी। इस सूचना पर थानाध्यक्ष छावनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुचे, जांच पड़ताल की तो पता चला कि आवेदिका सुनीता सिंह के गांव का ही एक व्यक्ति अतुल मिश्रा उर्फ डकऊ पुत्र राम अवध मिश्रा इनके घर पर काम करता है। वह घर की सफाई कर रहा था तो उसने गहने फ्रिज के नीचे पर्स में रख दिये थे। सुनीता सिंह का ध्यान अपने सामान पर आया तो उन्हे सामान नही मिले। काफी खोजबीन की लेकिन सामान न मिलने पर डायल 112 को चोरी की सूचना दी। जांच में पता चला कि सफाई करने वाले व्यक्ति ने गहनों को सुरक्षित एक झोले में रख दिया था। पीआरवी को काल करने वाली महिला ने कहा मैने जल्दबाजी मे चोरी की सूचना पुलिस को दे दी थी।
तीसरी घटना वॉल्टरगंज क्षेत्र के ग्राम पकड़ी भीखी की है। यहा से 15 सितम्बर की रात में पीआरवी पर जानकारी दी गई कि घर में चोरी हो गयी है। आलमारी का ताला तोड़कर जेवरात और कुछ पैसों पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। सूचना पाकर टीम के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष उमाशंकर त्रिपाठी ने जांच पड़ताल की तो घटना फर्जी पाई गई। कालर तथा उसके भाभी से गहनता से पूछताछ की गई तो पता चला कि कालर की भाभी ने अपने स्वयं के जेवर अपने ही कमरे में छिपाकर रख दिया था। उन्होने कबूल किया कि मैने फर्जी चोरी की सूचना डायल 112 को अपने ननद से दिलवायी थी। उन्होने जेवरात की बरामदगी भी कराई।
चौथी घटना वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बहेरिया गांव की है। यहा के सोनू कुमार ने अपने घर में सेंधमारी की सूचना दी थी। सोनू ने घर में रखे अनाज, जिसमें उसके भाइयों का भी हिस्सा था, को बेंचने के इरादे से चुरा कर कहीं छिपा दिया था। इसके पीछे इसकी मंशा यह थी की अनाज को बेचकर जो पैसा मिलेगा उसे वह अपने निजी खर्च में इस्तेमाल करेगा तथा भाइयों को हिस्सा नहीं देना पड़ेगा और चोरी की इस समय जो अफवाह चल रही है, उसमें यह घटना छिप जाएगी। लेकिन पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुये चोरी का सामान सोनू के ही कब्जे से बरामद कर उसके विरूद्ध कार्यवाही की। इन तमाम घटनाओं से सीख लेनी चाहिये। अच्छा होगा कि चोरी की झूठी सूचनायें पुलिस को बेवजह परेशान कर निशाने पर न आयें।












Post a Comment
0 Comments