प्रेक्सिस विद्यापीठ (Praxis Vidyapeeth) मे विज्ञान कार्यशाला का हुआ आयोजन, ब्रह्मांड की रहस्यमयी दुनिया के बारे में मिली रोचक जानकारी
रुधौली, बस्ती (अनूप बरनवाल) डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रैक्सिस विद्यापीठ, रुधौली में सोमवार को बच्चों के भीतर विज्ञान के प्रति रुचि, जिज्ञासा एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने प्रयोगों, गतिविधियों और खगोल विज्ञान की रोचक जानकारियों के माध्यम से विज्ञान को नज़दीक से समझा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध साइंस कम्युनिकेटर एवं एस्ट्रोनॉमी एजुकेटर डॉ. चित्रा सिंह (हिसार) तथा अमरपाल सिंह (एजुकेटर, तारामंडल गोरखपुर) ने बच्चों को विज्ञान की दुनिया से रूबरू कराया। डॉ. चित्रा सिंह ने सरल प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से यह बताया कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उनके प्रयोगों को देखकर छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।वहीं अमरपाल सिंह ने खगोल विज्ञान से जुड़े विषयों पर संवाद करते हुए तारों, ग्रहों और ब्रह्मांड की रहस्यमयी दुनिया के बारे में रोचक जानकारी दी।
इससे बच्चों के भीतर अंतरिक्ष विज्ञान को जानने की जिज्ञासा और अधिक प्रबल हुई। कार्यक्रम में जिला कोऑर्डिनेटर प्रवीण, विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा, उप-प्रधानाचार्य गिरजेश साहू, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यशाला बच्चों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई, बल्कि उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और तार्किक सोच को भी मजबूती प्रदान करने वाली रही। विद्यालय परिवार ने इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।


















Post a Comment
0 Comments