Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

Basti: अभाविप ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन, कुआनो नदी के प्रदूषण पर भड़के युवा




Basti: अभाविप ने प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन,
कुआनो नदी के प्रदूषण पर भड़के युवा
बस्ती, 13 अप्रैल। कुआनो नदी का प्रदूषण एक बार फिर बड़ा मुद्दा बन रहा है। इस बार अभाविप ने प्रदर्शन कर कुआनों नदी की वृहद स्तर पर सफाई कराने हेतु स्थानीय प्रशासन का ध्यान खींचा है। इसके लिये अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने ’कुआनो संरक्षण अभियान’ की घोषणा की है और चरणबद्ध आन्दोलन की रणनीति तैयार किया है।


सोमवार को अभाविप कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने नदी में बढ़ते प्रदूषण और अवरोध के खिलाफ कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में अमहट क्षेत्र में वर्षों पहले धराशाई हुये पुल के अवशेषों को वर्षों बाद भी साफ न कराये जाने पर नाराजगी जाहिर की गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मलबे के कारण नदी का प्रवाह रूक गया है और उसमें गंदगी व बढ़ रही है। इसके चलते मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।



अभाविप ने गणेशपुर स्थित पेपर मिल से छोड़े जा रहे औद्योगिक अपशिष्ट को लेकर भी कड़ा विरोध जताया। आरोप है कि इस जहरीले अपशिष्ट से नदी का पानी दूषित हो रहा है। इसका असर जलजीवों, पशुओं और किसानों पर पड़ रहा है। प्रांत संयोजक अमरेंद्र पाण्डेय ने कहा कि कुआनो नदी बस्ती जनपद की जीवनरेखा है और इसकी अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला मीडिया संयोजक मारुत पाण्डेय ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो अभाविप इस मुद्दे पर बड़ा जनआंदोलन खड़ा करेगा। 


अभाविप ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल मलबा हटाकर नदी का प्रवाह बहाल किया जाए। साथ ही, प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कुआनो नदी को बचाया जा सके। इस दौरान इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक देवेन्द्र पाल, जिला संयोजक विकास कसौधन, आशुतोष पाण्डेय, अखिलेश सिंह, अभिनव, शिवांश, गणेश, हर्षित,अंकित, शुभम, हिमांशु, नीतीश तथा अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

Bottom Ad