सीएम हेल्पलाइन मे काम करने वाली
महिलाओं का लखनऊ मे जोरदार प्रदर्शन
सात हजार रूपये वेतन, वह भी समय से नहीं
इतने मे तो कोई मजदूर भी नही मिलता
लखनऊ, उ.प्र.। वी विन लिमिटेड कंपनी के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन 1076 में काम करने वाली युवतियों ने 1090 चौराहा और संगीत नाटक अकादमी के पास धरना प्रदर्शन किया। धरने में शामिल करीब 200 महिला कर्मी मुख्यमंत्री जनता दरबार में जाना चाहते थे लेकिन जगह जगह मौजूद पुलिस कर्मियों ने उन्हें बलपूर्वक रोक दिया।
युवतियों की धरने की वजह से 1090 चौराहे पर जाम लगा रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस कर्मियों ने किसी तरह युवतियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेगा। धरने में शामिल युवतियों ने बताया कि महीने का सात से आठ हजार वेतन दिया जाता है। 266 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से वेतन मिलता है, वह भी समय से नहीं मिलता है। इतने मे कैसे गुजारा हो सकता है। आवाज उठाने से नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नबंर के माध्यम से जनता की पीड़ा सुनते हैं लेकिन आज हम सभी पीड़ित हैं और कोई पीड़ा सुनने वाला नहीं है।
परेशान होकर मुख्यमंत्री जनता दरबार में अपनी बात रखने जा रही थीं। वे गोमतीनगर स्थित ऑफिस से निकलीं लोहिया पथ पर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ी। करीब 4.5 किलोमीटर पैदल चलने के बाद पुलिस ने उन्हें समतामूलक चौक व 1090 चौराहा के पास रोक लिया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि 15 हजार रुपए की सैलरी का वादा करके 7000-8000 रुपये दिए जा रहे हैं। दो महीने की सैलरी भी रोककर दी जा रही है। कंपनी के ऑफिस में काम के लिए जाते वक्त बाहर ही सबके फोन जब्त कर लिए जाते हैं। घर में कोई भी इमरजेंसी आ जाए, हम लोग जब काम करके लौटेंगे तभी जान पाएंगे।
वी विन लिमिटेड कंपनी आउटसोर्सिंग के जरिये सीएम हेल्पलाइन 1076 का संचालन करती है। सीएम हेल्पलाइन में यूपी के सभी 75 जिलों से लोग तहसील, जिला, पुलिस, बिजली, पानी, सरकारी अस्पताल, स्कूल, फसल बीमा, पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास और सीएम आवास संबंधी शिकायतें दर्ज कराते हैं। पीड़ितों का दर्द सुनने वाली इन महिला कर्मियों का दर्द सुनने वाला कोई नही है। आउटसोर्सिंग कम्पनी उनका शोषण लगातार कर रही है और मुख्यमंत्री तक उन्हे पहुंचने नही दिया जा रहा है। देखा जाये तो इन महिला कर्मियों को एक मजदूर के बराबर भी वेतन नही मिल पा रहा है। शासन को उनकी मांगों पर विचार करना चाहिये।












Post a Comment
0 Comments