कानपुर मे तलाकशुदा महिला ने दो बच्चियों संग खाया जहर, मौत
यूपी डेस्कः कानपुर के महाराजपुर इलाके में मंगलवार को एक एक तलाकशुदा महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों ने जहर खाकर जान दे दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि चांदनी (33) नामक महिला और उसकी बेटियां पायल (07) और ब्यूटी (05) सुबह करीब छह बजे महाराजपुर स्थित अपने घर में बेहोश पायी गयी थीं।
तीनों को सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से गम्भीर हालत मे उन्हें लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया। मगर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चांदनी के भाई जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन का मैनपुरी ज़िले के करहल के रहने वाले राकेश से तलाक हो गया था। वह पिछले तीन सालों से अपने मायके में रहकर मजदूरी करके बेटियों का पालन-पोषण कर रही थी। मृतकों के परिजन ने आपातकालीन सेवाओं में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकारी एम्बुलेंस को बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों के कई बार कहने के बावजूद एम्बुलेंस लगभग एक घंटे बाद पहुंची। चांदनी के भाई धर्मेंद्र ने कहा, ’’अगर समय पर चिकित्सकीय मदद मिल जाती, तो शायद उनकी जान बच जाती।’’ पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौत की असली वजह का पता अभी नहीं चल पाया है। पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि शुरुआती जांच में घटना की वजह साफ तौर पर सामने नहीं आई है। चांदनी शायद किसी मानसिक तनाव में थी। अधिकारियों ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस परिवार वालों तथा पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है।












Post a Comment
0 Comments