बच्चे को काला कहने पर हुआ खूनी संघर्ष, महिला की मौत
रुधौली, बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के बभनी मिश्रा गांव के महुआ बैरियहवा में मंगलवार को पड़ोसियों के बीच चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बच्चों को काला कहने को लेकर पिछले तीन दिनों से चल रहे तनाव के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और चाकू लगने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, महुआ बैरियहवा निवासी खुशनुमा पत्नी मोहम्मद रईस और माजिदा पत्नी मोहम्मद अयूब (लगभग 40 वर्ष) का घर अगल-बगल है। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से दोनों परिवारों के बीच बच्चों को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार की शाम फिर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान खुशनुमा अपने घर से चाकू लेकर आई और माजिदा के पेट में वार कर दिया।
चाकू लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल महिला को संतकबीरनगर जनपद के सेमरियावां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था और मंगलवार सुबह भी मामले की शिकायत थाने में की गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते प्रभावी हस्तक्षेप किया गया होता तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। हालांकि पुलिस अधिकारियों की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।











Post a Comment
0 Comments