चलती कार मे बैंक मैनेजर ने खुद को गोली से उड़ाया
यूपी डेस्कः जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र में हाइवे पर यूनियन बैंक के बैंक मैनेजर 32 वर्षीय दुर्गेश श्रीवास्तव ने चलती कार में खुद को गोली से उड़ा दिया। पुलिस ने कार से असलहा और सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट में दुर्गेश ने आत्महत्या के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस के अनुसार, किरन इनक्लेव कुर्सी रोड टेढ़ी पुलिया थाना गुडंबा जनपद लखनऊ के रहने वाले दुर्गेश जौनपुर के भूपतपट्टी में रहते थे। वे सुजानगंज के सराय पड़री स्थित यूनियन बैंक की शाखा में प्रबंधक पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 9.30 बजे वह कार से जौनपुर शहर की तरफ जा रहे थे।
बक्शा थाना क्षेत्र के द्वारिका ढाबा के पास वाराणसी-सुल्तानपुर हाईवे पर उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सूचना पर हाईवे पर पेट्रोलिंग करने वाली टीम मौके पर पहुंची। नजदीक पहुंचे तो ड्राइवर सीट पर दुर्गेश लहूलुहान पड़े थे। तत्काल पुलिस को सूचना देते हुए गाड़ी का शीशा तोड़कर बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर सीओ सदर, अपर पुलिस अधीक्षक और फॉरेंसिक टीम के सदस्य पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, कार से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें मौत की वजह के लिए दुर्गेश ने खुद को जिम्मेदार बताया है। असलहा उनके पास लाइसेंसी था या अवैध, इसकी जांच की जा रही है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि दुर्गेश बीते कुछ दिनों से तनाव में थे।





Post a Comment
0 Comments