सड़क किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
बस्ती, 09 सितम्बर। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र मे बुधवार सुबह गौरा-धमौरा मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। मृतक की पहचान यशवंत (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नगर थाना क्षेत्र के खड़ौवा के रहने वाले थे। वह गोरखपुर नगर निगम में संविदा कर्मी के पद पर कार्यरत थे।
शव की स्थिति देखते हुए पुलिस प्रथमदृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मृतक यशवंत की बाइक घटनास्थल से दूर दुबौलिया थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास बरामद हुई। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को इस स्थान पर लाया गया हो सकता है। धमौरा के चौकीदार की सूचना पर डायल 112, पुरानी बस्ती और वाल्टरगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मिलकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वाल्टरगंज पुलिस सीसीटीवी फुटेज और काल डिटेल खंगाल रही है।





Post a Comment
0 Comments