दिल्ली मे अवैध तरीके से निर्माण कराई जा रही बिल्डिंग गिरी, पिता पुत्र की मौत
दिल्ली एनसीआर संवाददाता। दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले के हर्ष विहार इलाके के मिलन गार्डन में 25 अक्टूबर की शाम करीब पौने छः बजे निर्माणाधीन इमारत का स्लैब गिरने से ठेकेदार पिता और उनके बेटे की मलबे में दबकर मौत हो गई। प्रॉपर्टी मनोज कुमार की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान चंद्रपाल (उम्र 60 वर्ष, ठेकेदार) तथा विजय कुमार (उम्र 33 वर्ष, चंद्रपाल के बेटे) के रूप मे हुई है।
बताया जा रहा है कि ग्राउंड फ्लोर पर बने गोदाम के ऊपर पहली मंजिल का निर्माण कार्य चल रहा था और शाम को लेंटर डाला गया था, जिसके कुछ ही देर बाद अचानक यह ढांचा भरभरा कर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस, एनडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह दोनों के शव मलबे से निकालकर जीटीबी अस्पताल पहुंचाए गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इमारत के मालिक मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
उसके खिलाफ निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही और मौत का मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा होने के बाद मकान मालिक डर के मारे मुख्य गेट पर ताला लगाकर मौके से भाग गया था, जिससे शुरुआती राहत कार्य में बाधा आई। दिल्ली नगर निगम के आउट नॉर्थ जोन के डिप्टी कमिश्नर ने इस लापरवाही को देखते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर विकास कुमार गुप्ता को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि इस निर्माण कार्य के लिए कोई प्रशासनिक मंजूरी नहीं ली गई थी।
दिल्ली मे अवैध तरीके से निर्माण कराई जा रही बिल्डिंग गिरी, पिता पुत्र की मौत
October 26, 2026
0
Tags






Post a Comment
0 Comments