बुरे फंसे सांसद जगदम्बिका पाल, समर्थकों पर दर्ज हुई एफआईआर
सिद्धार्थनगर, उ.प्र.। सिद्धार्थ नगर के बढ़नी में सीएचसी के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने डुमरियागंज से भाजपा सांसद जगदंबिका पाल के समर्थकों के खिलाफ 6 नामजद सहित कुल 30 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। यह मुकदमा भाजपा नेता, व्यापार प्रकोष्ठ गोरखपुर के क्षेत्रीय सह-संयोजक प्रदीप कुमार उर्फ प्रदीप कमलापुरी की तहरीर पर दर्ज किया गया है, जिन्होंने सांसद समर्थकों पर मंच पर चढ़कर मारपीट और हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
दरअसल कार्यक्रम के दौरान सांसद जगदम्बिका पाल और अपना दल एस के विधायक विनय वर्मा के समर्थक आपस में भिड़ गए। यहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी में शिलान्यास का कार्यक्रम था। आरोप है कि मंच से विधायक का नाम न लेने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर मे मारपीट में बदल गया। इसके बाद मौके पर जमकर लात-घूंसे चले। वायरल वीडियो मे सांसद जगदम्बिका पाल बेहद गुस्से मे थप्पड़ दिखाकर ललकारते हुये दिखाई दे रहे हैं। विधायक ने अपने कार्यकर्ता प्रदीप की पिटाई का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
वहीं सांसद ने मारपीट में अपने समर्थकों की संलिप्तता से इन्कार करते हुए इसे जनता की नाराजगी का परिणाम बताया। दरअसल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में माडिफाई किए जाने के निर्माण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम चल रहा था। पीड़ित प्रदीप कमलापूरी ने बताया कि सांसद के साथ आये कुछ लोग मंच से स्थानीय विधायक विनय वर्मा का नाम न लेने को कह रहे थे। इस बात का विरोध किया तो सांसद के साथ आये लोग अचानक मंच पर चढ़ गये। कुछ लोगों ने मेरे साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और किसी पक्ष से कोई सफाई नही आई है।







Post a Comment
0 Comments