Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

लिटिल फ्लावर्स स्कूल मे भाषण प्रतियोगिता, ज्वलन्त विषयों पर खुलकर बोलीं छात्र छात्रायें

 

लिटिल फ्लावर्स स्कूल मे भाषण प्रतियोगिता, 
ज्वलन्त विषयों पर खुलकर बोलीं छात्र छात्रायें

बस्ती, 27 नवंबर।
लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम्, वाल्टरगंज, बस्ती में ’भाषण प्रतियोगिता’ का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के कुल 72 प्रतिभागियों ने बड़े ही उमंग व जोश के साथ प्रतिभाग किया। समस्त प्रतिभागियों ने अपने पूर्व निर्धारित समसामायिक, प्रासंगिक व ज्वलंत विषयों पर सटीक, सारगर्भित व सुव्यवस्थित रूप से अपने विचार प्रस्तुत किए।

इस विशेष अवसर पर प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, राहुल सिंह, निदेशिका श्रीमती अपर्णा सिंह ने माँ सरस्वती एवं विद्यालय-संस्थापिका स्वर्गीया श्रीमती मधुरानी सिंह के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। तत्पश्चात विद्यालय की होनहार व प्रतिभाशाली छात्राओं द्वारा ’सरस्वती वंदना’ एवं “अतिथि देवो भव“ की परिपाटी का निर्वहन करते हुए ’स्वागत गीत’ की प्रस्तुति दी। प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि अपने भावों व विचारों की कुशल अभिव्यक्ति हमारे व्यक्तित्व की सर्वोच्च विशेषता है; इसके अभाव में हमारा व्यक्तित्व अधूरा रह जाता है। 

एक कुशल वक्ता बड़े ही सहज रूप से अपने भावों व विचारों की कुशल अभिव्यक्ति के माध्यम से विशाल जनसमूह को आकर्षित व प्रभावित कर लेता है। इसी क्षमता का विकास करना इस प्रतियोगिता का विराट उद्देश्य है। राहुल सिंह ने छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुये कहा अभिव्यक्ति का कौशल बहुत मायने रखता है। चाहे जितनी जानकारी हो व्यक्त करने पर ही दूसरों तक पहुचती है और समाज को इसका लाभ मिलता है। इस कला के विकास के लिए विद्यालय ही प्रथम व सर्वश्रेष्ठ मंच है। बच्चों प्रतिभा पलायन, पर्यावरण संरक्षण, खेल और शिक्षा का संतुलन, बढ़ती जनसंख्या विकास में बाधक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मानव भविष्य, शिक्षा का उद्देश्यः नौकरी या जीवन-निर्माण, सफलता की दौड़ में खोता बचपन, अधिकारों से पहले कर्तव्य का महत्त्व, अंतरिक्ष में भारत की बढ़ती पहचान, लोकतंत्र में चुनाव का महत्त्व आदि विषयों पर खुलकर अपने विचार साझा किये।

रिशु, सौम्या, कार्तिक, नर्गिस, आराध्या, आस्था, मृणालिका, सान्वी, सारांश, अध्येता, हिमांशी चौधरी, पलक शर्मा, माही पांडे, श्वेता, जानवी, शादमान फारूकी, मंदवी मिश्रा, परी, अलीज़ा, सृष्टि, जानवी, तजवर, अनाध्या मिश्रा, अभिनव, राकेश, अनुराग, शगुन, ज़िया खान, नैन्सी, मोबश्शरा, माधव यादव, आशुतोष सिंह व आर्यवीर की प्रस्तुति सराहनीय रही। प्रतियोगिता के सफल समापन पर प्रधानाचार्या श्रीमती वंदना सिंह ने समस्त प्रतिभागियों को हार्दिक शुभकामना दी साथ ही उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

MARIUM HOSPITAL
SIDDHANT HERBAL BATH SOAP

Bottom Ad