गोरखपुरः पटाखों की चिंगारी से तीन गाड़ियों में लगी भीषण आग
गोरखपुर, उ.प्र.। शाहपुर थाना क्षेत्र के राम जानकी नगर, अमृत विहार कॉलोनी (बशारतपुर) के पास दीपावली की रात करीब 11 बजे पटाखों की चिंगारी से घर के बाहर खड़ी तीन कारों में भीषण आग लग गई। इन गाड़ियों मे ब्रेजा, स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो शामिल थीं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड (दमकल) की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ऊंची लपटों और काले धुएं के कारण कॉलोनी के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गोरखपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे आग आसपास के घरों तक नहीं फैल सकी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि शुरुआती जांच में पटाखे की चिंगारी से ही आग लगने की बात सामने आई है।
फिलहाल शाहपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। दिवाली की रात गोरखपुर में आतिशबाजी के कारण अलग-अलग 7 जगहों पर आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। शाहपुर के ही असुरन चौक स्थित एक कपड़े की दुकान और गुलरिहा क्षेत्र में एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में भी भीषण आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान की खबर है।







Post a Comment
0 Comments