बिजनौर में पकड़ा गया घूसखोर लेखपाल डेविड
बिजनौर, उ.प्र.। नजीबाबाद तहसील परिसर में एंटी करप्शन टीम ने लेखपाल को तीन हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। टीम लेखपाल को पकड़ कर ले जाने लगी। इसी दौरान मौके पर काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। टीम लेखपाल को पकड़ कर नगीना देहात थाने ले गई। यहां लेखपाल के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।
पूरा मामला बिजनौर के नजीबाबाद तहसील परिसर का है। यहां मुरादाबाद से आई एंटी करप्शन की टीम ने तहसील में कार्यरत गांव किशनपुर आंवला क्षेत्र के लेखपाल डेविड कुमार को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। अकबरपुर का रहने वाला आसिफ लेखपाल डेविड से काफी दिनों से ज़मीन की खसरा खतौनी मांग रहा था। आसिफ का कहना है कि लेखपाल उसे खसरा देने में आनाकानी कर रहे थे। उसने काफी प्रयास किया तो लेखपाल ने उससे तीन हजार रुपए रिश्वत मांगी। आसिफ ने मुरादाबाद एंटी करप्शन टीम को फोन कर ये बात बता दी।
मुरादाबाद एंटी करप्शन टीम ने आसिफ को मुरादाबाद बुलाकर उससे पहले तहरीर ली और टीम बनाकर बिजनौर रवाना किया। आज मुरादाबाद से आई एंटी करप्शन की टीम में शामिल इंस्पेक्टर विनोद कुमार और नवल ने लेखपाल को तहसील परिसर से ही 3 हजार की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। टीम लेखपाल को पकड़कर तहसील से ले जाने लगी तो भीड़ जमा हो गई और हंगामा होने लगा। टीम लेखपाल को नगीना देहात थाने ले गई। यहां लेखपाल के खिलाफ केस दर्ज कराया। नगीना देहात कोतवाल अजीत रोरिया का कहना है कि मुरादाबाद से आई एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल खिलाफ केस दर्ज कराया है।













Post a Comment
0 Comments