Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

धूमधाम से मनाया गया पं. गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर का 36वां दीक्षांत समारोह

धूमधाम से मनाया गया पं. गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर का 36वां दीक्षांत समारोह The 36th convocation of Pt. Govind Ballabh Pant University of Agriculture and Technology, Pantnagar was celebrated with great pomp
उत्तराखण्ड डेस्क (कुंदन शर्मा) पं. गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर का 36वां दीक्षांत समारोह का आयोजन राज्यपाल, कुलाधिपति ले.जन.(से.नि.) गुरमीत सिंह के आतिथ्य के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 1172 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की गयी साथ ही चीफ ऑफ डिफेन्स स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान तथा प्रगतिशील किसान पद्म श्री पुरस्कृत प्रेमचंद शर्मा को डॉ. ऑफ साइंस की मानद उपाधि से सुशोभित किया गया। 


राज्यपाल ने कहा कि आज के इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जी का नारा जय जवान जय किसान आज पुनः जीवंत हो गया है, उन्होंने कहा कि मैं इन दोनों विभूतियों को मानद उपाधि प्रदान करते हुए स्वयं को गौरवांन्वित महसूस कर रहा हूं कि मुझे यह अवसर प्राप्त हो सका। राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को व उनके परिजनों व मार्गदर्शक शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरित क्रांति के जननी इस विश्वविद्यालय के शिक्षकों व विद्यार्थियों ने प्रदेश एवं देश में कृषि उत्पादन बढ़ाने में जो योगदान दिया है उसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। 


उन्होंने कहा कि जीबी पंत विवि. ने कृषि शिक्षा, शोध एवं प्रसार कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के साथ-साथ विभिन्न खाद्यान्नों का उत्पादन बढ़ाने में सराहनीय योगदान दिया है साथ ही उन्नत प्रजातियों के बीजों का विकास कर बीज उपयोग के नये आयाम दिये हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर से अब तक उच्च उपज प्रादन करने वाली विभिन्न फसलों की 355 किस्मों का विकास किया है। राज्यपाल ने कहा कि बढ़ती हुई जनसंख्या व भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, शोध कार्यों को और गति देनी होगी ताकि प्रदेश व देश की बढ़ती हुई मांग को समय से पूरा किया जा सके।


इस हेतु कृषि से संबंधित जो भी शोध किये जा रहें हैं उन्हें प्रदेश के लघु एवं सीमान्त किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप निर्धारण करना होगा जिससे कि प्रदेश के लगभग 85 प्रतिशत लघु एवं सीमान्त किसानों को इनसे लाभ प्राप्त हो सके। कृषि वैज्ञानिकों को शोध करते समय स्थानीय परिस्थितियों एवं संसाधनों पर ध्यान देने की आवश्कता है। राज्यपाल ने कहा कि इस सत्र से विवि. ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति को आत्मसात किया है, जिससे कृषि क्षेत्र की भविष्य की चुनौतियों का सामना विद्यार्थी और अधिक दक्षता एवं कुशलता के साथ कर पायेंगे। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सपने देखिए और खुली आंखों से देखिए साथ ही संकल्प से सिद्धि तक प्रयास करते रहिए। 


उन्होंने कहा विश्वगुरू बनने का हमारा सपना युवा पीढ़ी के संकल्प और प्रयास से ही सफल हो पाएगा। उन्होंने कहा कि हम टेक्नोलॉजी के लिए दूसरे देशों पर निर्भर नहीं हो सकते हमें खुद ही प्रयास कर विश्व में उन्नत बनना पड़ेगा इसी प्रकार हमें खाद्यान्न के क्षेत्र में भी शीर्ष बनना होगा। महामहिम ने कहा कि हर भारतीय जीबी पंत वि.वि. से उम्मीद करता है एक नई क्रांति की और मुझे विश्वास है कि हरित क्रांति लाने वाला यह वि.वि. एक बार पुनः एक नई क्रांति की जननी बनने का इतिहास बनायेगा। उन्होंने कहा कि वि.वि. द्यारा पंतजा नस्ल की बकरी, उत्तरा नस्ल का कुक्कुट एवं बद्री, साहीवाल तथ फ्रीजवाल नस्ल की गयों को संवर्धन का कार्य कर रहा है व बद्री नस्ल का क्लोन तैयार किया जा रहा है।


मुझे विश्वास विश्वास है कि हम एक वर्ष के भीतर बद्री नस्ल का क्लोन तैयार कर लेंगे। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में कृषि में महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान है जिसके लिए महिलाओं के अनुकूल आसान तकनीकों का विकास किये जाने की आवश्यकता है, और आशा करता हुँ कि वि.वि. इस दिशा में और अधिक शोध करेगा जिससे ग्रामीण महिलाओं को कम मेहनत और अधिक उत्पादकता प्राप्त हो सकेगी। राज्यपाल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वि.वि. के छात्र यहां की गरिमा के अनुरूप देश और प्रदेश में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए भविष्य की कृषि क्षेत्र की चुनौतियों का अपने वैज्ञानिक दृष्टिकोण से डटकर मुकाबला करते हुए देश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

     

सीडीएस अनिल चौहान ने मानद उपाधि प्रदान करने हेतु वि.वि. व कुलाधिपति का धन्यवाद करते हुए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मानद उपाधि प्राप्तकर्ता पद्म प्रेमचन्द शर्मा ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाऐं देते हुए अपने जीवन के चार आदर्शों (मां, गुरू, किसान व जवान) के बारे में बताते हुए कहा कि मां जीवन देती है, गुरू ज्ञान, किसान से शरीर समृद्ध है व जवान से यह देश सुरक्षित है। उन्होने विद्यार्थियों को ग्राम स्वराज की अलख जगाने व पलायन को रोकने के लिए कार्य करने की अपील की। केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने दीक्षांत समारोह के आयोजन के लिए बधाई देते हुए बदलते वातावरण के अनुसार शोध एवं प्रसार करने के लिए वैज्ञानिकों का आह्वान किया। 


कार्यक्रम में मंत्री कृषि, सैनिक कल्याण, गणेश जोशी ने सीडीएस व प्रेमचन्द शर्मा को मानद उपाधि से सम्मानित होने पर बधाई दी व सभी विद्यार्थियों को भी बधाई दी। उन्होने कहा कि सरकार कृषि के क्षेत्र में उन्नति हेतु निरन्तर कार्यरत है। कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि लैण्ड ग्रान्ट पैटर्न की तर्ज पर अमेरिका के इलिनोय विश्वविद्यालय की तकनीकी सहायता से स्थापित इस विश्वविद्यालय ने हरित क्रान्ति के द्वारा देश में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विगत् 64 वर्षों से लगातार यह विश्वविद्यालय खाद्य फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के अलावा पशुधन, दुग्ध, तिलहन एवं मत्स्य उत्पादन में भी अपना अहम योगदान दे रहा है। 


कृषि शिक्षा, अनुसंधान तथा प्रसार में अपने अहम योगदान के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली द्वारा ’सरदार पटेल आउटस्टैंडिंग इंस्टीट्यूशन सम्मान’ से इसे तीन बार सम्मानित किया जा चुका है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर क्यू0एस0 वर्ल्ड रैंकिंग में 331वां स्थान बनाया है। स्थापना से अब तक 44112 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित विभिन्न फसलों की 355 उन्नत किस्में एवं पशुओं की दो नस्लें राष्ट्र को समर्पित हैं, जोकि देश में खाद्य सुरक्षा एवं कृषकों की आय बढ़ाने में अभूतपूर्व रूप से सहायक रहीं हैं। विश्वविद्यालय एग्रीकल्चर लीडरशिप 2023 सम्मान से सम्मानित है। पंतनगर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 वर्ष 2024-25 से लागू कर दी गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को अपनाने वाला यह देश का प्रथम कृषि विश्वविद्यालय है। 


इस अवसर पर दीक्षा उप्रेति को सर्वोत्तम स्नातक होने के नाते कुलाधिपति के स्वर्ण पदक से सम्मानित करने के अतिरिक्त 15 विद्यार्थियों को कुलपति स्वर्ण पदक प्रदान किये गये, कुलपति रजत पदक 12 विद्यार्थियों को दिये गये, तथा कुलपति कांस्य पदक 12 विद्यार्थियों को दिये गये, इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए पिशाला शांता कुमार को श्री पूरण आनन्द अदलखा अवार्ड; निशा दानी को श्रीमती सरस्वती पांडा गोल्ड मेडल, कैश अवार्ड; शशांक गंगवार को श्रीमती नागम्मा शान्ताबाई अवार्ड; श्रेया उपाध्याय को डा. राम शिरोमणि तिवारी अवार्ड; दो विद्यार्थी श्रेया उपाध्याय एवं जिया पाठक को चौधरी चरण सिंह मैमोरियल इंटेलेकच्यूअल अवार्ड; दो विद्यार्थी सुमन रानवा एवं डा. बरखा को भारत रत्न पण्डित गोविन्द बल्लभ पन्त अवार्ड तथा मोनालिसा गुरू को डा. ए.एन. मुखोपाध्याय गोल्ड से सम्मानित किया गया। विधायक शिव अरोरा, मोहन बिष्ट, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला महामंत्री अमित नारंग, जिलाधिकारी उदय राज सिंह, एसएसपी मणिकांत मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, निदेशक पंतनगर एयरपोर्ट मोनिका डेम्बला, एएसपी निहारिका तोमर, सीओ आरडी मठपाल, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, विश्वविद्यालय के प्राचार्य व विद्यार्थी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

 

==

 

 

==

Bottom Ad