अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कहा हर स्तर पर हो रही लूट
Akhilesh Yadav targeted the BJP government, said looting is happening at every level
लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा भाजपा सरकार में बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी हो रही है और भ्रष्टाचार चरम पर है। सपा मुख्यालय से जारी बयान के अनुसार, अखिलेश यादव ने सोमवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय में उत्तर प्रदेश के अलावा झारखंड, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से आये पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ‘‘हर स्तर पर लूट है। भाजपा सरकार में हर पद की कीमत तय है। हर विभाग में भ्रष्टाचार हो रहा है। ऐसा कोई विभाग नहीं है, जहां लूट नहीं हो रही।’’ उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘मुख्यमंत्री जी योगी नहीं, भ्रष्ट हैं। भाजपा सरकार का नया परिचय भ्रष्टाचार और संगठित लूट हो गया है।’’ इसके पहले भी उन्होंने मुख्यमंत्री योगी पर ऐसी ही टिप्पणी की थी। यादव ने उनसे मिलने आए नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर जनता के हित और उत्तर प्रदेश के विकास के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना ही शुभकामनाओं की सफल सार्थकता होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार के भ्रष्टाचार ने किसी को नहीं छोड़ा है और महिलाओं, व्यापारियों, किसानों एवं नौजवानों समेत सब त्रस्त हो चुके हैं। यादव ने कहा, ‘‘जनता में भाजपा को लेकर भारी नाराजगी है। भाजपा मतदाता सूची में हेराफेरी कर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का वोट कटवा कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश करती है। धांधली और षड्यंत्र कर चुनाव जीतना चाहती है।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2016 में अपने लोकसभा क्षेत्र वाराणसी के नागेपुर गांव को गोद लिया था लेकिन उस गांव का कोई विकास नहीं हुआ।











Post a Comment
0 Comments