केदारनाथ यात्रा पर जा रही कार फ्लाईओवर से नीचे गिरी, 4 की मौत
यूपी डेस्कः गुजरात से केदारनाथ यात्रा पर जा रहे पांच दोस्तों की तेज रफ्तार इनोवा कार रविवार को पानीपत-खटीमा हाईवे पर सिसौना के निकट बागोवाली पुलिया के पास अनियंत्रित इनोवा फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार को निकलवाया। सभी को अस्पताल भेजा गया, जहां चार युवकों को मृत घोषित कर दिया गया।
कार सवार केदारनाथ जा रहे थे। गांधीनगर के सरगासन निवासी कर्ण, भरत, तारापुर निवासी अमित और विपुल की मौत हो गई। घायल जिगर का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि मृतकों और घायल के परिजनों को सूचना दे दी है। वे गुजरात से मुजफ्फरनगर के लिए चल दिए हैं। एसएसपी संजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों के आ जाने के बाद ही अधिक जानकारी मिल सकेगी। सीट बेल्ट नहीं लगी होने के कारण एयरबैग भी नहीं खुल सके, जिस कारण चार दोस्तों की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी की स्पीड ज्यादा थी। चालक को झपकी लगी और घुमावदार हाईवे पर वह नियंत्रण खो बैठा। हाईवे की रेलिंग तोड़ते हुए कार नीचे खेत में गिर गई। यहां खेत में पानी भरा था। बाद में खिड़कियां तोड़कर युवकों को बाहर निकाला गया।












Post a Comment
0 Comments