Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

झूठी निकली अपहरण की घटना, पुलिस की तत्परता से साजिश बेनकाब



झूठी निकली अपहरण की घटना,
पुलिस की तत्परता से साजिश बेनकाब
A fake kidnapping incident
बस्ती, 10 फरवरी। जनपद बस्ती के थाना रुधौली क्षेत्र में अपहरण की सनसनीखेज वारदात का दावा आखिरकार फर्जी साबित हुआ। कर्ज और मानसिक तनाव से जूझ रहे 22 वर्षीय युवक ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर परिवार और पुलिस को गुमराह कर दिया। पुलिस की जांच, तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज ने पूरे ड्रामे की पोल खोल दी।



07 फरवरी 2026 को संजय चौधरी ने थाना रुधौली में तहरीर देकर बताया था कि उनका भाई सोनू चौधरी 06 फरवरी की रात को कोहरा नहर पुलिया के पास से गायब हो गया है। सोनू ने अपनी मंगेतर को फोन कर दावा किया था कि 5-6 अज्ञात लोगों ने उसे घेरकर पीटा और जबरन उठा ले गए। सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस विवेचना में सामने आया कि अपहरण की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत थी। युवक ने खुद ऑटो चालक को फोन कर बुलाया और 25 किमी दूर बस्ती शहर पहुंचा। 


घटना के 55 मिनट बाद सीसीटीवी कैमरों में वह सुरक्षित पैदल घूमता मिला। बस चालक-परिचालक ने पुष्टि की कि युवक लखनऊ जाने वाली बस में सवार हुआ था। जांच के दबाव में सोनू चौधरी खुद थाने पहुंचा और सच उगल दिया। उसने बताया कि कई लोगों से कर्ज ले रखा था, जिनका लगातार दबाव था। मानसिक तनाव से परेशान होकर उसने अपहरण का झूठा नाटक रचा, कार और मोबाइल मौके पर छोड़ दिए और अयोध्या चला गया, जहां दो दिन रुककर धर्मशाला में समय बिताया। पुलिस की तत्परता और वैज्ञानिक साक्ष्यों ने यह साफ कर दिया कि अपहरण की कोई वारदात हुई ही नहीं थी। युवक ने केवल अपनी परेशानियों से बचने और समय हासिल करने के लिए यह साजिश रची थी। रुधौली पुलिस द्वारा युवक के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

Bottom Ad