पुतला फूंकते समय झुलस गईं थीं भाजपा विधायक
लखनऊ, उ.प्र.। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को अचानक मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे और भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल का हाल जाना। आपको याद दिला दें अखिलेश का पुतला फूंकते समय अनुपमा जायसवाल झुलस गईं थीं। अखिलेश ने हाथ जोड़कर नमस्कार किया तो अनुपमा मुस्कराने लगीं।
अखिलेश ने मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की है। जिस पर एक शेर लिखा, ’उनका जो फर्ज है, वो अहल-ए-सियासत जानें, मेरा पैगाम मोहब्बत है, जहां तक पहुंचे।’ बहराइच से विधायक अनुपमा 25 अप्रैल को नारी वंदन अधिनियम संसद में गिरने के विरोध में अखिलेश यादव और राहुल गांधी का पुतला फूंक रही थीं, तभी झुलस गई थीं। इस घटना के तुरंत बाद अखिलेश ने एक्स पर वीडियो पोस्ट किया था।
लिखा था, ’आग लगाने वाले सावधान रहें। आग लगाने वाली महिला की इलाज की व्यवस्था की जाए।’ सपा प्रमुख ने कहा, हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल से मिलने गए। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आए हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे।











Post a Comment
0 Comments