भाजपा अध्यक्ष का आरोप,
विपक्ष ने किया महिलाओं के साथ विश्वासघात
बस्ती, 29 अप्रैल। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने बुधवार को भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में संसद में हुए महत्वपूर्ण विधेयकों पर विपक्ष के रवैये की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके ने इन विधेयकों का विरोध कर देश की आधी आबादी, महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है और अपनी महिला-विरोधी मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर पार्टी की महिला पदाधिकारियों द्वारा जनपद के प्रत्येक मंडल में “जन आक्रोश महिला पदयात्रा” निकाली जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेकर अपना आक्रोश प्रकट कर रही हैं। साथ ही छात्रावासों एवं महाविद्यालयों में छात्राओं के बीच संपर्क अभियान चलाकर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी कोई उपकार नहीं, बल्कि उनका स्वाभाविक अधिकार है।
जिलाध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जानबूझकर तकनीकी बहानों के माध्यम से प्रक्रिया को टालने का प्रयास कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी द्वारा धर्म आधारित आरक्षण की मांग को उन्होंने असंवैधानिक और तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया। उन्होंने कहा कि यह महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित रखने की सुनियोजित साजिश है। उन्होंने कहा कि संसद में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक एवं केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक पर हुई चर्चा देश के लोकतांत्रिक भविष्य और महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाने का ऐतिहासिक अवसर था, जिसे विपक्ष ने बाधित करने का प्रयास किया। पत्रकार वार्ता मे मीडिया प्रभारी अजय पाल व नीरज त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।












Post a Comment
0 Comments