युवती टावर पर चढ़ी, अपना प्यार पाने को किया हाईवोल्टेज ड्रामा
बस्ती, 17 मई। रुधौली थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमानगंज पुलिस चौकी के पास स्थित मुड़ाडीहा उर्फ भोपालपुर गांव के समीप रविवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बुरका पहने एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर हजारों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के गांवों से लोग बाइक और चारपहिया वाहनों से पहुंचने लगे।
कुछ लोग वीडियो बनाने में जुटे रहे तो कुछ लोग युवती को नीचे उतरने की सलाह देते नजर आए। पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती कई घंटों तक टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा करती रही। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि युवती बार-बार किसी युवक का नाम ले रही थी और अपनी बात मनवाने की जिद पर अड़ी हुई थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी प्रेम प्रसंग की पुष्टि नहीं की है, लेकिन क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर यह युवती बार-बार टावर पर क्यों चढ़ रही है ? सूत्रों की मानें तो यही युवती दो दिन पहले वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पड़िया चौराहे पर भी टावर पर चढ़ी थी। यदि यह सच है तो फिर मामला केवल एक घटना नहीं बल्कि प्रशासन और समाज दोनों के लिए गंभीर चेतावनी बन चुका है। घटना की सूचना मिलते ही रुधौली थाना पुलिस, हनुमानगंज चौकी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी घंटों तक युवती को समझाने में जुटे रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए टावर के आसपास भीड़ हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन हजारों की संख्या में मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। कई लोग इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने में लगे रहे।यह घटना समाज के लिए भी बड़ा सवाल छोड़ रही है। क्या अब अपनी बात मनवाने के लिए लोग जान जोखिम में डालेंगे? क्या प्यार पाने या दबाव बनाने का यही तरीका रह गया है ? आखिर युवाओं में इस तरह की मानसिकता क्यों बढ़ रही है? यदि समय रहते ऐसे मामलों पर गंभीरता से काम नहीं किया गया तो आने वाले समय में यह “टावर ड्रामा” समाज में एक खतरनाक ट्रेंड बन सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बच्चों और किशोरों पर गलत प्रभाव पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ और सस्ती लोकप्रियता पाने की मानसिकता लोगों को खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर कर रही है। कई लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि युवती की काउंसलिंग कराई जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सोशल मीडिया के दौर में लोग चर्चा में आने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगाने से पीछे नहीं हट रहे हैं।












Post a Comment
0 Comments