गैस सिलेंडर लेकर घर वापस जा रहे युवक की सड़क हादसे मे मौत
रुधौली, बस्ती (अनूप बरनवाल) थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना धनसा चौराहे के पास की बताई जा रही है, जहां गैस सिलेंडर लेकर घर वापस जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक करीब 5 से 6 फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरा।
उसे उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद कार चालक घायल युवक को लेकर रुधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राहुल पुत्र राजाराम निवासी ग्राम अठदमा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि राहुल पांच भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार का दुलारा माना जाता था। उसके दो बड़े भाइयों की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद मां कुशलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोग परिवार को सांत्वना देते नजर आए। ग्रामीणों के बीच हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। बताया जा रहा है कि राहुल घर के अधिकांश कामकाज की जिम्मेदारी संभालता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।











Post a Comment
0 Comments