Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

रूधौली मे मिली युवक की लाश, हत्या कर प्लान्ट किये जाने की आशंका



रूधौली मे मिली युवक की लाश,
हत्या कर प्लान्ट किये जाने की आशंका

रुधौली, बस्ती (अनूप बरनवाल)।
थाना क्षेत्र के बस्ती-सिद्धार्थनगर सीमा पर स्थित आमी नदी पुल के नीचे गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुल के ऊपर सड़क किनारे उसकी मोटरसाइकिल खड़ी मिलने से घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सूचना मिलते ही रुधौली पुलिस मौके पर पहुंच गई।


प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराई। मृतक की शिनाख्त सुनील चौधरी पुत्र पाटेश्वरी चौधरी, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी थाना क्षेत्र रुधौली के रूप में हुई। बताया जाता है कि वह विभिन्न आयोजनों में कैटरिंग का काम करता था। जानकारी के अनुसार सुनील चौधरी दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी करीब 12 वर्ष पूर्व पथरा थाना क्षेत्र में हुई थी। परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। 


घटना की सूचना मिलते ही मृतक के भाई समेत अन्य परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए, जिससे वहां शोक और तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी कुलदीप सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा। 


फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया है कि सुनील चौधरी की हत्या कर शव को पुल के नीचे फेंका गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक मिलनसार स्वभाव का था और खाना बनाने के काम से अपनी आजीविका चलाता था। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में शोक के साथ-साथ दहशत और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

MARIUM HOSPITAL

 

HOPE
LITTLE FLOWERS
MUNDERWAN

Bottom Ad