बस्ती आये, 504 करोड़ की सौगात दे गये मुख्यमंत्री
बस्ती 10 जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को हर्रैया मे जनपद को रू. 504.34 करोड़ की लागत से पूर्ण होने वाली 77 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होने 27.06 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया।
यह विद्यालय आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं से युक्त होगा और क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में रू. 361.3 करोड़ की लागत से 52 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 22 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 30 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। वहीं कप्तानगंज विधानसभा को रू. 143.04 करोड़ की लागत से 25 परियोजनाओं की सौगात दी, जिनमें 8 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 17 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
इन परियोजनाओं में सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, बाढ़ सुरक्षा एवं सिंचाई परियोजनाएँ, विद्यालय एवं छात्रावास भवन, स्वास्थ्य संस्थानों का निर्माण, पर्यटन स्थलों का विकास, ग्रामीण स्टेडियम, गौशाला, नगर विकास कार्य, सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार तथा अन्य जनोपयोगी निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि मखौड़ा धाम की पावन धरा पर महाराजा दशरथ को पुत्रेष्ठ यज्ञ के लिए एक अवसर प्राप्त हुआ और भगवान श्री राम भगवान विष्णु के मानव अवतार के रूप में अयोध्या के धरती पर अवतरित हुए।
बाबा भदेश्वरनाथ, तपसी धाम और महान साहित्यकार आचार्य रामचन्द्र शुक्ल के जन्म स्थली होने का सौभाग्य जिस बस्ती को प्राप्त है, ऐसी बस्ती को नमन करते हुए मै आपसब का अभिनन्दन करता हूॅ। उन्होने कहा कि विधानसभा हर्रैया और कप्तानगंज की 500 से अधिक रू. 500 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को मुझे समर्पित करते हुए आनन्द की अनुभूति हो रही है। मखौड़ा धाम, भदेश्वरनाथ का विकास हो रहा है और अभी-अभी कर्ण मन्दिर का भी समाधान हुआ है, वहॉ भी सुन्दरीकरण के कार्य को हम आगे बढाने जा रहे है।
अटल आवासीय विद्यालयों की तर्ज पर मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय मे एक ही कैम्पस में प्री. प्राइमरी से लेकर 12वी तक की उत्तम शिक्षा उपलब होगी। उन्होने कहा कि हमारी सरकार में सभी गरीब वर्गो के लिए बिजली, शिक्षा, सिंचाई, किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ सभी पात्रों तक पहुॅचाया जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अन्तर्गत रू. 05 लाख का लाभ भी 24 घण्टे के भीतर दिया जाता है। इस अवसर पर कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, विधायक हर्रैया अजय सिंह ने भी उद्बोधन किया।








Post a Comment
0 Comments