कांवड़ यात्रा के मैनेजमेन्ट मे
जुटा प्रशासन, सौहार्द बनाये रखने की अपील
बस्ती, 16 जुलाई। जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना व पुलिस अधीक्षक डॉ० यशवीर सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रा सकुशल सम्पन्न कराने हेतु पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक मे आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने व बाढ़ प्रबंधन के सम्बन्ध में रणनीति तैयार की गई।
इस वर्ष श्रावण मास दिनांक 30 जुलाई से प्रारम्भ होकर 28 अगस्त तक चलेगा, जिसमें मुख्य पर्व श्रावण शिवरात्रि 11 अगस्त को मनाया जाएगा। कांवड़ियें सरयू नदी (अयोध्या) से जल लेकर बाबा भदेश्वरनाथ धाम बस्ती में जल चढ़ाते हैं जिसमें श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ होती है। पर्व के दृष्टिगत जनपद के सभी प्रमुख शिव मंदिरों, मेला क्षेत्रों और कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व कांवड़ यात्रा के दौरान सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कांवड़ मार्गों और प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जायेगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों का भौतिक सत्यापन कर लें तथा स्थानीय शांति समितियों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करें। मीटिंग में अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, सीडीओ सहित क्षेत्राधिकारी सदर, हरैया, लाइन, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष व अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान शासन प्रशासन से निर्गत आदेशों-निर्देशों से अवगत कराते हुए सभी से कावंड यात्रा सकुशल सम्पन्न करने की अपील की गयी।








Post a Comment
0 Comments