कलेक्ट्रेट पर गरजे सपा नेता, जौहर विश्वविद्यालय का ध्वस्तीकरण रोकने व धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
बस्ती, 24 जुलाई। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं, कार्यकर्ताओं ने 4 सूत्रीय मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष और सदर विधायक महेन्द्र नाथ यादव के नेतृत्व में सैकड़ों नेता और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने डीएम के प्रतिनिधि के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय के विरुद्ध की प्रस्तावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कराने, छात्रों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंन्द्र प्रधान की जवाबदेही तय करते हुए उनसे तत्काल इस्तीफा लेने आदि की मांग शामिल है। ज्ञापन देने के बाद सपा जिलाध्यक्ष और सदर विधायक महेन्द्रनाथ यादव ने कहा कि यह सरकार छात्र-नौजवान विरोधी है।
पेपर लीक से देश के लाखों छात्र प्रभावित हैं, 21 छात्रों ने आत्मदाह कर लिया, देश का युवा अपने अधिकारों को लेकर सड़कों पर है किन्तु जन्तर मन्तर से लेकर देश के अनेक हिस्सों में छात्रों पर बर्बर लाठी चार्ज किया जा रहा है। सरकार छात्रों की सुने और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री का त्याग पत्र तत्काल सुनिश्चित कराये। कहा कि रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण का आदेश यही साबित करता है कि सरकार का शिक्षा और युवाओं के भविष्य से कोई लेना देना नहीं है।
देश के भविष्य पर लाठी चार्ज, दमन कराकर आखिर भाजपा की सरकार क्या साबित करना चाहती है। जुल्म, अत्याचार करने वाली सरकारों के दिन लम्बे नहीं होते। पूर्व विधायक राजमणि पाण्डेय, विधायक राजेन्द्र प्रसाद चौधरी, कविन्द्र चौधरी ‘अतुल’, दयाशंकर मिश्र के साथ ही अनेक नेताओं ने कहा कि सरकार समस्या का समाधान कराये। बर्बर, अराजक रवैया देश, समाज के लिये खतरनाक है। सरकार युवाओं की मांगों को तत्काल पूरा कराये और मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के ध्वस्तीकरण का आदेश वापस लिया जाय।
ज्ञापन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य नेताओं की गिरफ्तारी की निंदा की गई, जिसे पार्टी नेताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी व्यापक जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शन और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक राम जियावन, जावेद पिण्डारी, राजाराम यादव, मो. सलीम, युनूस आलम, सौरभ मिश्र, प्रशान्त यादव, सुरेन्द्र सिंह छोटे, भोलू अंसारी, धीरसेन निषाद, सुभाष चन्द्र यादव, गीता भारती, के साथ ही बड़ी संख्या में सपा नेता, कार्यकर्ता शामिल रहे।

.jpg)



Post a Comment
0 Comments