स्कूल बस के पहिये के नीचे आ गया
सात साल का मासूम, हादसे के बाद हंगामा
यूपी डेस्कः गुरूवार को मथुरा मे बेहद दुखद हादसा हो गया। यहां जैत थाना क्षेत्र के गांव राल स्थित तिलक सिंह इंटर कॉलेज के गेट पर सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से सात वर्षीय छात्र नितिन की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक और विद्यालय प्रबंधन के लोग मौके से भाग गए। उधर, गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने घंटों हंगामा काटा और कॉलेज परिसर में जमकर तोड़फोड़ की।
राल चौराहे पर बालक का शव रखकर राधाकुंड-छटीकरा रोड जाम कर दिया। करीब साढ़े तीन घंटे तक हंगामा चला। तीन थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। पेलखू गांव निवासी गंगदेव का बेटा नितिन तिलक सिंह इंटर कॉलेज में दूसरी कक्षा का छात्र था। गुरूवार को रोज की तरह स्कूल बस से करीब आठ बजे विद्यालय पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यालय के गेट पर बस पहुंचने के बाद बच्चे नीचे उतर रहे थे।
जब नितिन बस से उतरकर स्कूल की ओर जा रहा था, तभी चालक बस को बैक करने लगा और नितिन पिछले पहिये के नीचे आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही बालक के परिजन विद्यालय पहुंच गए। बेटे को लहूलुहान हालत में शव देख परिजन में चीत्कार मच गई। नितिन के पिता गंगदेव बेटे को गोद में रखकर विलाप करते रहे। सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस भी आ गई। गुस्साए परिजन और ग्रामीण कॉलेज परिसर में घुस गए। पुलिस के सामने ही कॉलेज के मुख्य गेट, दरवाजों और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए।
ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी और विद्यालय के खिलाफ सीलिंग की मांग करने लगे। प्रदर्शनकारियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। तहसीलदार अमित त्रिपाठी और सीओ सदर वरुण मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजन और ग्रामीणों को मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया। नितिन के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनके दो बेटे और दो बेटी थे, जिनमें नितिन सबसे छोटा बेटा था।










Post a Comment
0 Comments