हाई टेक सिटी नोएडा मे बनेगा
900 मी. लम्बा फ्लाईओवर, जाम से मिलेगी मुक्ति
दिल्ली एन सी आर संवाददाता (ओ पी श्रीवास्तव)। दिल्ली एनसीआर में स्थित हाई टेक सिटी नोएडा के छिजारसी कट से नोएडा के सेक्टर-63 ए तक रोज लगने वाले जाम से अब शीघ्र ही निजात मिलने की उम्मीद है। मिली जानकारी के अनुसार नोएडा प्राधिकरण ने यहां 900 मीटर लंबा चार लेन का फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार कर ली है।
बताया जा रहा है कि इस परियोजना पर 1500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कहा जा रहा है कि चेयरमैन की मंजूरी के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के काफी करीबी एवं विश्वासपात्र नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने परियोजना को आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक प्रस्तावित फ्लाईओवर एसजीएम अस्पताल के पास छिजारसी अंडरपास से जुड़कर ऊपर चढ़ेगा और औद्योगिक सेक्टर-63 में शनि मंदिर के पास उतरेगा।
इसके बनने से एनएच-नौ से फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी। उल्लेखनीय है कि एनएच-नौ से नोएडा छिजारसी कट के रास्ते गढ़ी चौखनडी गोल चक्कर व परथला गोल चक्कर होते हुए प्रतिदिन लगभग दस लाख लोग शहर में प्रवेश और निकासी करते हैं। यह सड़क औद्योगिक सेक्टर-फेस थ्री (सेक्टर-63 से 68 तक) से जुड़ी हुई है, जहां लाखों कामगारों का प्रतिदिन आवागमन भी होता है।
इसी वजह से छिजारसी से सेक्टर-63 ए के पुलिस थाने तक यातायात जाम की भीषण समस्या बनी रहती है। सुबह और शाम के समय में यहां से वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। बताया जाता है कि शाम होते ही इस रास्ते पर अवैध बाजार भी भी सज जाता है। कामगार यहां खरीदारी करते हैं, जिससे पहले से दबाव झेल रही सड़क पर यातायात की स्थिति और बिगड़ जाती है। इस समस्या को लेकर नोएडा प्राधिकरण में नियमित रूप से शिकायतें आती हैं। जाम से निजात के लिए लंबे समय से समाधान तलाशा जा रहा है।
इसके अतिरिक्त छिजारसी मोड से एफएनजी रोड तक डेढ़ मीटर सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के पास विचाराधीन है। इसमें 0.5 मीटर फुटपाथ को कम करने का सुझाव है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छिजारसी गोल चक्कर से बहलौलपुर होते हुए विकास मार्ग में मिलने वाली पुश्ता रोड को फोर लेन बना कर ट्रैफिक लोड को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यदि शासन प्रशासन द्वारा यह कार्य पूर्ण हो जाता है, तो नोएडा के यातायात जाम पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकेगा और नोएडा की सुन्दरता में चार चांद लग जाएंगे।









Post a Comment
0 Comments