Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

मंडलायुक्त ने भदेश्वरनाथ धाम मे लगाई हाजिरी, कांवड़ियों के लिये सुविधायें बढ़ाने का निर्देश

मंडलायुक्त ने भदेश्वरनाथ धाम मे लगाई हाजिरी,
कांवड़ियों के लिये सुविधायें बढ़ाने का निर्देश

बस्ती, 06 अगस्त।
बस्ती मंडल के नवागत मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने गुरुवार की शाम भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर तथा कांवड़ यात्रा मार्ग का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मंडलायुक्त सबसे पहले बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर प्रदेश एवं जनपदवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ सफाई, शौचालयों तथा पार्किंग स्थलों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ संचालित की जाएं। 


इसके बाद मंडलायुक्त ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों तथा संवेदनशील स्थलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा चिकित्सा टीमों, एंबुलेंस सेवाओं तथा आपातकालीन सहायता केंद्रों को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर पहुंचते हैं। 


ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येंद्र भूषण तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

Bottom Ad