चलती बस मे नाबालिग छात्रा संग गैंगरेप, दो आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली, एनसीआर संवाददाता। राजधानी दिल्ली में एक स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा के साथ कथित तौर पर गैंगरेप की घटना सामने आई है। परी चौक से कश्मीरी गेट के बीच 47 किलोमीटर की दूरी तय करने के दौरान दो आरोपियों ने छात्रा के साथ हैवानियत की। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना कश्मीरी गेट इलाके में 4 अगस्त की रात को हुई थी। पुलिस ने बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा की छात्रा है। जानकारी मिली है कि वह घर से झगड़ा करके बगैर बताये निकली थी। नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई।
इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया, बस रुक गई। ड्राइवर-कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 जाने की बात कहकर बस में बैठा लिया। आरोप है कि बस चलने के कुछ देर बाद कंडक्टर ने पीड़िता के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी पीड़िता को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए।
डरी सहमी छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को जब्त कर लिया है और उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बस स्लीपर होने और पर्दे लगे होने के कारण किसी भी राहगीर को बस के अंदर कुछ दिखाई नही दिया और दरिंदे वारदात को अंजाम देने मे सफल रहे।













Post a Comment
0 Comments