रोटरी क्लब का इन्स्टालेशन
कार्यक्रम सम्पन्न, अध्यक्ष बने डा. डीके गुप्ता
बस्ती, 09 अगस्त। रोटरी क्लब बस्ती मिड टाउन के सत्र 2026-27 का इंस्टालेशन सेरेमनी होटल सुयश के सभागार मे संपन्न हुआ। डॉ. दिलीप गुप्ता ने अध्यक्ष, आशीष श्रीवास्तव ने सचिव तथा विवेक वर्मा ने कोषाध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। समारोह के मुख्य अतिथि रोटेरियन मनकेश्वर पांडे ने कहा कि रोटरी केवल सेवा का संगठन नहीं।
यह समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का वैश्विक मंच है। उन्होंने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सेवा परियोजनाओं को समाज की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़कर अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए तथा प्रत्येक रोटेरियन को नेतृत्व के साथ सेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। वर्तमान सत्र के अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. डी.के. गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले सत्र में क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने क्लब के सदस्यों, सहयोगियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। रोटेरियन आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि क्लब की गतिविधियों को अधिक व्यापक बनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कोषाध्यक्ष रोटेरियन विवेक वर्मा ने क्लब की वित्तीय पारदर्शिता और सेवा परियोजनाओं के प्रभावी संचालन के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। सत्र 2024-25 के अध्यक्ष रोटेरियन आनंद गोयल तथा सचिव रोटेरियन विवेक अग्रवाल ने भी अपने संबोधन में क्लब की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
समारोह का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों एवं विशिष्ट जनों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशिष्ट अतिथि सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन विभाग, बस्ती श्रीमती कल्पना श्रीवास्तव को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। समारोह में रोटरी क्लब गोरखपुर से रोटेरियन सतीश राय, रोटेरियन प्रवीण आर्य एवं रोटेरियन आशुतोष अग्रवाल ने सहभागिता की। समारोह में रोटेरियन हरबंस सिंह सचदेवा, रोटेरियन सतीश सिंघल तथा रोटेरियन प्रमोद गाड़िया को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। असिस्टेंट गवर्नर डॉ एल के पांडे ने अपने संबोधन में कहा रोटरी क्लब फेलोशिप कम्युनिटी सर्विस वोकेशनल सर्विस पर सतत सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करता रहा है











Post a Comment
0 Comments