फतेहपुर मे विस्फोट से जमींदोज हुई दो मंजिला बिल्डिंग, 5 की मौत
यूपी डेस्कः कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर स्थित मलवां कस्बे में सोमवार शाम सुरेश गुप्ता के घर मे हुये भयानक विस्फोट से 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज विस्फोट के बाद घर की पहली मंजिल की छत और दीवारें भरभराकर गिर गई। हादसे के दौरान छत पर मौजूद व्यापारी के बेटे व चार भतीजों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। व्यापारी के भाई की पत्नी अस्पताल मे भर्ती है।
विस्फोट इतना तेज था कि पड़ोस के तीन घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। 500 मीटर दायरे में मौजूद लोगों के कान सुन्न हो गए। व्यापारी की पत्नी ने बताया है कि वह खाना बना रही थीं। उसी समय सिलिंडर से चूल्हे के लिए लगे पाइप में आग लग गई। आग सिलिंडर तक पहुंची, जिसकी वजह से विस्फोट हुआ। हालांकि पास पड़ोस के लोग इससे सहमत नही हैं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) जसवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सिलिंडर से विस्फोट की बात सामने आई है। बारूद की पुष्टि नहीं हो सकी है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि फोरेसिंक टीम ने जांच की है। सुरेश कुमार उर्फ धुन्नर फल विक्रेता हैं और दीपावली पर पटाखे की दुकान भी लगाते हैं। आशंका है कि घर में पटाखे डंप थे। गैस लीकेज के बाद आग लगी होगी, लेकिन उसके पटाखों तक पहुंचने से तेज विस्फोट हो गया होगा। सुरेश सोमवार शाम वह हाईवे स्थित अपनी दुकान पर थे। मलबे में दबे पांच लोग बाहर निकालकर मेडिकल कालेज अस्पताल भेजे गए। डाक्टरों ने यश, वेद, अर्पित व कुनाल को मृत घोषित कर दिया। 90 प्रतिशत झुलसे आलोक ने देर रात दम तोड़ दिया। घटना के बाद सुरेश की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें भी भर्ती कराया गया है।
मलबा हटाने का काम रात में भी चलता रहा। विस्फोट से फल विक्रेता के पड़ोसी अशोक सिंह के मकान की दीवाल ढह गई और टिनशेड उखड़कर दूर जा गिरी। इसी तरह दीपक कुमार द्विवेदी समेत दो ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त हो गया और दीवाल ढह ई। इनका कहना था कि सिलिंडर विस्फोट से ही इतना बड़ा हादसा हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया है। इसके साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने मृतकों के स्वजन को 2-2 लाख रुपये व घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद के निर्देश भी दिए हैं। फोरेंसिक व दमकल टीम जांच कर रही है कि आखिर विस्फोट किससे हुआ है...सिलिंडर या फिर बारूद से।






Post a Comment
0 Comments