रिटायरमेन्ट के बाद पुनर्नियुक्ति
पर 70 साल तक सेवायें देंगे सरकारी चिकित्सक
लखनऊ, (अथर्व श्रीवास्तव) उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों मे तैनात चिकित्सक अब 70 साल की उम्र तक अपनी सेवायें दे सकेंगे। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को यह घोषणा की। आधिकारिक बयान के मुताबिक, पाठक ने कहा कि राज्य की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने यह महत्वपूर्ण पहल की है।
चिकित्सक सेवानिवृत्ति के बाद 70 वर्ष की आयु तक पुनर्नियुक्ति के जरिये अपनी सेवाएं दे सकेंगे। वर्तमान व्यवस्था के तहत सरकारी डॉक्टर 65 साल की उम्र तक सेवाएं दे रहे थे। बयान के अनुसार, पाठक के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव स्तर से इस संबंध में आदेश जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। बयान में कहा गया है कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, ऐसे में अनुभवी चिकित्सकों की सेवाएं लंबे समय तक उपलब्ध होने से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी। इससे चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी।





Post a Comment
0 Comments