हस्तिनापुर में हत्यारोपी के घर
चला बुलडोजर, नितिन की हत्या से उपजा आक्रोश
यूपी डेस्कः हस्तिनापुर में नितिन नाम के युवक की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मेरठ-बिजनौर मार्ग पर शव रखकर जाम लगाया और आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने की मांग की गई। कई घंटे बाद फरार चल रहे मुख्य आरोपी मिट्ठू पुत्र पिंकी चौधरी के घर पर शनिवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलवाया। हालांकि जारी वीडियो मे केवल रेलिंग तोड़ना दिखाया गया है।
हस्तिनापुर के माखननगर निवासी नितिन की गोली मारकर हत्या के बाद शनिवार को ग्रामीणों और परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही गणेशपुर तिराहे पर मेरठ-बिजनौर मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया गया। दोनों ओर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया गया। सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुटे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा एनकाउंटर की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे।
इसी बीच हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी मिट्ठू पुत्र पिंकी चौधरी के घर प्रशासन ने बुलडोजर चलवाने की कार्रवाई की। यूपी सरकार के मंत्री दिनेश खटीक मौके पर पहुंचे हैं। उन्होने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की सौ प्रतिशत गारन्टी ली है। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि पुलिस पहले सक्रिय होती तो हत्या की घटना रोकी जा सकती थी। जाम और हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन ग्रामीण कार्रवाई के स्पष्ट आश्वासन पर अड़े रहे। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शन के बीच प्रशासन ने हत्याकांड के फरार मुख्य आरोपी मिट्ठू पुत्र पिंकी चौधरी के घर पर बुलडोजर चलवाया। कार्रवाई के दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ पंकज लवानिया मौके पर मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, नितिन की शुक्रवार शाम हत्या के बाद से ही आरोपी फरार हैं। उसकी तलाश की जा रही है।



Post a Comment
0 Comments