Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

जिलाधिकारी ने भ्रमण कर किया जलजमाव वाले इलाके का निरीक्षण


 

जिलाधिकारी ने भ्रमण कर किया जलजमाव वाले इलाके का निरीक्षण 
सिद्धार्थनगर (उमेश चन्द्र शुक्ल)
जिले के डुमरियागंज में बहने वाली राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति अब बाढ़ का रूप लेती जा रही है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र का बड़हरा गांव भी हर साल की तरह इस बार भी चारों तरफ से पानी से घिर गया है। वहीं, गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी अब कटान की जद में है। 

अगर यह मार्ग कट गया तो बड़हरा गांव का सड़क संपर्क पूरी तरह टूट सकता है। बाढ़ और जलजमाव की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बड़हरा गांव का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ प्रशासनिक अमला भी मौजूद रहा। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र और संपर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। 

मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने बताया कि नेपाल और जिले में हो रही बारिश के चलते राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कई गांवों के प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर बाढ़ की स्थिति और गंभीर होती है तो प्रभावित लोगों के लिए बाढ़ राहत किट, लंच पैकेट समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएंगी। 

वहीं, बड़हरा गांव के संपर्क मार्ग पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि मार्ग कट जाता है तो ग्रामीणों के आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था भी कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि नेपाल में फिलहाल बारिश रुकने की जानकारी है। ऐसे में आने वाले समय में नदी का जलस्तर घटने और स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। फिलहाल जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। 

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

MARIUM HOSPITAL

Bottom Ad