महतिनिया खुर्द की शिव नन्दी गौशाला में गौसेवा हेतु जुटे अधिकारी और जन प्रतिनिधि
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर (उमेश चन्द्र शुक्ला) ग्रामीण क्षेत्रों में गौसंरक्षण और जनसेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विकास खण्ड भनवापुर की ग्राम पंचायत महतिनीया खुर्द स्थित शिव नन्दी गौशाला में एक दिवसीय विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने गौवंश की सेवा कर समाज को जीवदया एवं पर्यावरण संरक्षण के लिये प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा ने कहा कि गौमाता की सेवा ही सबसे बड़ी राष्ट्रसेवा है। सरकार द्वारा संचालित गौशालाओं के माध्यम से निराश्रित गौवंश को आश्रय देने के साथ-साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य और चारे की समुचित व्यवस्था की जा रही है। खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) भनवापुर, विनोद मणि त्रिपाठी ने गौशाला परिसर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्वच्छता एवं खान-पान के विशेष निर्देश दिए।
इस दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष लाल जी शुक्ला, मण्डल अध्यक्ष भाई गणेश विश्वकर्मा जी ग्राम पंचायत अधिकारी विवेक कुशवाहा और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. उपेन्द्र शर्मा ने गौवंश का स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक दवाएं व टीका लगाने की प्रक्रिया संपन्न कराई। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गौसेवा का संकल्प दोहराया। इस मौके पर पंचायत स्तर के कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।





Post a Comment
0 Comments