कौशाम्बी: अचानक चल गई महिला आरक्षी की रायफल, मौत
यूपी डेस्कः कौशांबी में महिला कॉन्स्टेबल गाजीपुर की रहने वाली प्रियंका यादव (26) की थाने में गोली लगने से मौत हो गई। वह महिला थाने की पहरेदारी कर रही थी। गताया जा रहा है कि कुर्सी पर बैठते समय अचानक उसकी राइफल का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। बुलेट गले को चीरते हुए जबड़ा फाड़कर निकल गई। घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने कॉन्स्टेबल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना मंगलवार सुबह 10ः30 बजे शहर के महिला थाने में हुई। प्रियंका यादव गाजीपुर के दूल्हापुर क्षेत्र के सिखरी गांव रविंद्रनाथ यादव की बेटी थी।
तीन महीने पहले उसकी पहली पोस्टिंग कौशांबी के महिला थाने में हुई थी। जून के आखिरी सप्ताह में प्रियंका ने महिला थाने में जॉइन किया था। एएसपी अमिता सिंह ने बताया- मंगलवार सुबह 10ः30 बजे प्रियंका थाने के ऑफिस के बाहर गेट पर कुर्सी पर बैठी थी। किसी काम से वह उठकर गई और 2 मिनट बाद वापस आई। शुरुआती जांच में पता चला है कि जैसे ही वह कुर्सी पर बैठने लगी, तभी अचानक गोली चल गई। साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो प्रियंका गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली।
उसके दाहिने हाथ में राइफल थी। सिपाही के कमरे की तलाशी ली गई। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रियंका के पिता रवींद्र यादव सेना से डेढ़ साल पहले रिटायर हुए हैं। अभी वह बिल्डिंग मटीरियल की दुकान चलाते हैं। परिवार में मां प्रमिला के अलावा 3 बच्चे हैं। इनमें प्रियंका सबसे बड़ी थी। छोटी बहन नोएडा से बी कॉम व भाई सूरज शहर के कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा है। बेटी की मौत की खबर से मां प्रमिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।





Post a Comment
0 Comments