Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन की कार्यवाही से आरटीओ दफ्तर मे मचा हड़कम्प

परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन
की कार्यवाही से आरटीओ दफ्तर मे मचा हड़कम्प

एण्टी करप्शन टीम लखनऊ को मिली जांच
बस्ती, 02 सितम्बर। उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के सख्त तेवर से महकमे मे हड़कम्प मचा है। इन दिनों परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है। मंगलवार को बस्ती के उप संभागीय परिवहन कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने में अनियमितता के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है।


मोटरयान निरीक्षक संजय कुमार दास को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया, जबकि मोटरयान निरीक्षक सीमा गौतम के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। दोनों अधिकारियों के खिलाफ एण्टी करप्शन लखनऊ को पत्र भेजा गया है। आरोपों की जांच में सामने आया है कि संजय कुमार दास ने 785 और सीमा गौतम ने 213 ड्राइविंग लाइसेंस बिना जरूरी जांच-पड़ताल के मंजूर किए। कुल 998 लाइसेंस ऐसे पाए गए, जिनमें तय प्रक्रिया के मुताबिक आवश्यक जांच नहीं की गई। 


मामले की विस्तृत जांच के दौरान बस्ती कार्यालय के कम्प्यूटरीकृत रिकॉर्ड और एनआईसी लखनऊ से मिले डाटा की जांच की गई। जांच रिपोर्ट 31 अगस्त को प्रस्तुत की गई। परिवहन आयुक्त ने बताया कि जांच में सामने आया कि प्रदेश में एक अप्रैल 2013 से ड्राइविंग लाइसेंस ऑनलाइन सारथी पोर्टल के जरिए जारी किए जा रहे हैं। इसके बावजूद बस्ती कार्यालय में एक अप्रैल 2013 के बाद जारी कुछ लाइसेंसों को बैकलॉग किया गया। लाइसेंस आवेदन को मंजूरी देने से पहले सारथी पोर्टल पर उपलब्ध 'Extract of Driving Licence' और 'Application Personal Details' का सही तरीके से परीक्षण नहीं किया गया। कई मामलों में पुराने ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी भी आवेदन के साथ अपलोड नहीं की गई। 


इसके अलावा ड्राइविंग लाइसेंस में पता बदलने के लिए किए गए कई आवेदनों में लगाए गए पते के प्रमाणों का भी जरूरी सत्यापन नहीं कराया गया। परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बताया कि जांच में नियम विरुद्ध पाए गए ड्राइविंग लाइसेंसों को रद करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में सेवा प्रदाता कंपनी के जिन कर्मचारियों की भूमिका सामने आई है, उन्हें सेवा से हटाने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। संबंधित फर्म को ब्लैकलिस्ट करने और उसकी सिक्योरिटी (बैंक गारंटी) जब्त करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में लापरवाही, नियमों की अनदेखी या किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

MARIUM HOSPITAL

 

LITTLE FLOWERS
MUNDERWAN

Bottom Ad