JHANSI: पिंडदान करने पहुंचे थे नदी के घाट, 5 की डूबने से मौत
यूपी डेस्कः झांसी के मऊरानीपुर क्षेत्र में मंगलवार को श्राद्ध कर्म के दौरान सुखनई नदी में एक व्यक्ति गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में परिवार के कई लोग नदी में उतर गए। देखते ही देखते पांच लोग पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा रानीपुर चौकी क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा में हुआ।
बताया गया कि गांव के रहने वाले अनूप तिवारी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ पूर्वजों के निमित्त श्राद्ध कर्म और जल तर्पण के लिए सुखनई नदी के किनारे पहुंचे थे। परिवार के लोग धार्मिक रस्म पूरी कर रहे थे। इसी दौरान अनूप तिवारी नदी के गहरे हिस्से में चले गए और अचानक डूबने लगे। अनूप को पानी में डूबता देखकर वहां मौजूद परिजन उन्हें बचाने के लिए नदी में उतर गए। लेकिन नदी की गहराई और पानी के बहाव के कारण हालात तेजी से बिगड़ते चले गए। एक के बाद एक कई लोग पानी की चपेट में आ गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
इनमे देवरी सिंहपुरा निवासी अनूप तिवारी, उनके 12 वर्षीय बेटे अर्पित, परिवार के ही अभिनव तिवारी (25), श्रेयांश तिवारी (21) और जालौन के हरेदाई निवासी पुष्कर शुक्ला (23) की जान चली गई। हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.





Post a Comment
0 Comments