Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन


 

राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन
वाराणसी, 06 अक्टूबर। अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में रविवार को राज्य ललित कला अकादमी, बनारस लिट. फेस्ट और नव भारत निर्माण समिति के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “विविधता में एकता का राष्ट्र, भारत” रखा गया। 

प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक प्रतिभा को रंगों और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग रविंद्र जायसवाल रहे। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित कलाकृतियों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने बनारस में एक आर्ट गैलरी के निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा। साथ ही कला के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। 

उन्होंने कहा कि बनारस की समृद्ध कला और सांस्कृतिक परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। प्रतियोगिता में प्रस्तुत कलाकृतियों का मूल्यांकन काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के चित्रकला विभाग की अध्यक्ष प्रो. जसमिंदर कौर एवं महिला महाविद्यालय, बीएचयू की प्रो. सरोज रानी ने किया। प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में विभाजित किया गया था। 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग में स्वप्निल यादव ने प्रथम, वर्षा माहेश्वरी ने द्वितीय तथा प्रांजल यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 17 से 25 वर्ष आयु वर्ग में श्यानु यादव प्रथम, सुहानी द्वितीय तथा अमन कुशवाहा तृतीय स्थान पर रहे।

प्रथम आयु वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 2,100, 1,500 और 1,100 रुपये तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस वर्ग में दस सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए। दूसरे आयु वर्ग में प्रथम पुरस्कार के रूप में 5,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपये और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस वर्ग में भी दस प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। 

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनील कुमार विश्वकर्मा, अध्यक्ष, राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश, वित्तीय लेखाधिकारी माध्यमिक शिक्षा प्रदीप कुमार पाल, वित्तीय सलाहकार जिला पंचायत वाराणसी मनीष कुमार सिंह तथा वरिष्ठ लेखाधिकारी बेसिक शिक्षा प्रयागराज दुर्गेश सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत अशोका इंस्टीट्यूट के चेयरमैन इंजीनियर अंकित मौर्या एवं वाइस चेयरमैन डॉ. अमित मौर्या ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक सदस्य इंजीनियर अशोक मौर्या भी उपस्थित रहे। आयोजन समिति से बृजेश सिंह, शालिनी यादव, राजेश सिंह और शिखा सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

MARIUM HOSPITAL

Bottom Ad