खतरनाक हो सकता है ए.सी. का गलत या अधिक इस्तेमाल- डा. निशान्त
सेहत डेस्कः आजकल अधिकाशं लोगों की एसी मे रहने की आदत हो गई है। लेकिन इसके साइड इफेक्ट के बारे मे बहुत कम लोग जानते हैं। कार के अंदर इंजन और एसी चालू रखकर सोना या देर तक बैठना बेहद खतरनाक हो सकता है। इसके लिये कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के खतरे को समझना होगा।
बस्ती जिले के पचपेड़िया रोड स्थित मरियम हार्ट हॉस्पिटल को सेवायें दे रहे एमबीबीएस एमडी डा. निशान्त पाण्डेय ने बताया कि कार्बन मोनोऑक्साइड यह एक रंगहीन और गंधहीन जहरीली गैस है। गाड़ी का इंजन जब चालू रहता है, तो इससे निकलने वाले धुएं में यह गैस मौजूद रहती है। यदि एग्जॉस्ट सिस्टम में कोई लीकेज हो या हवा का उचित आवागमन न हो, तो यह जहरीली गैस एसी के वेंट के जरिए कार के अंदर फैल जाती है।
गंध न होने के कारण अंदर बैठे लोगों को इसका पता नहीं चलता और वे गहरी नींद या बेहोशी की हालत में दम तोड़ देते हैं। डा. निशान्त ने एसी का इस्तेमाल करने वालों को सलाह दी है कि बंद या पार्क की गई कार में इंजन चालू रखकर कभी नहीं सोना चाहिये। यदि ऐसा करना मजबूरी हो तो सुरक्षा के लिए खिड़कियों को हल्का सा खुला रखें ताकि वेंटिलेशन बना रहे। बेहतर यही होगा कि इंजन बंद कर दिया जाए। समय-समय पर अपनी गाड़ी के साइलेंसर और एग्जॉस्ट पाइप की जांच करवाते रहना चाहिये जिससे कहीं कोई लीकेज न हो।
लंबे समय तक पार्क की गई गाड़ी में ’फ्रेश एयर मोड’ का इस्तेमाल करें या एसी बंद करके खिड़कियां खोल लें। डा. निशान्त पाण्डेय ने मीडिया दस्तक को बताया कि कोई भी वस्तु सुविधाजनक होने के साथ साथ खतरनाक भी है। खास तौर से जब हम सुविधाओं का गलत और अत्यधिक इस्तेमाल करते हैं तब सुविधायें एक गंभीर खतरे मे तब्दील हो जाती हैं। घर और कमरों मे इस्तेमाल होने वाली एसी से सांस और एलर्जी, त्वचा और आखों मे सूखापन, थकान, सिरदर्द, गला सूखना, सर्दी जुकाम, जोड़ों मांसपेशियों मे जकड़न और रोग प्रतिरोधक क्षमता पर असर पड़ सकता है।
इसके लिये हमे एसी का तापमान 24°C से 26°C के बीच रखना चाहिये। तापमान को कभी भी 16°C पर न रखें। एसी मे बैठने पर शरीर का पानी जल्दी सूखता है इसलिये पानी पीकर हाइड्रेट रहना चाहिये तथा कमरों को हवादार रखना चाहिये। इसके लिये बीच बीच मे एसी बंद खिड़कियों को खोल देना चाहिये जिससे ताजी हवा अंदर आ सके। कुछ सप्ताह के अंतराल पर एसी का फिल्टर साफ कराते रहना चाहिये। यदि सांस लेने, एलर्जी या अन्य कोई समस्या हो तो तुरन्त चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिये।







Post a Comment
0 Comments