विधवा भाभी से शादी करने पर दो अन्य भाइयों ने मार डाला
यूपी डेस्कः दो भाइयों ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। उसने विधवा भाभी से शादी कर ली थी। आरोपी चाह रहे थे कि उनमें से किसी एक के साथ उनकी भाभी की शादी हो, लेकिन उनकी मां ने छोटे भाई से शादी करवा दी थी। घटना बागपत जिले के बड़ौत थाना क्षेत्र के गुराना गांव की है। शुक्रवार को दोनों भाई शराब पीकर मां से झगड़ा कर रहे थे, तभी छोटा भाई दिल्ली से घर पहुंच गया।
दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। एक ने उसका हाथ पकड़ा लिया। दूसरे भाई ने उसके सीने में गोली मार दी। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि गुराना गांव के ईश्वर के छोटे बेटे यशवीर (32) की उसके बड़े भाइयों ओमवीर और उदयवीर ने गोली मारकर हत्या कर दी। सबसे बड़े भाई सुखवीर की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। मां ने सुखवीर की पत्नी रितु की शादी छोटे बेटे यशवीर से करवा दी। जबकि अभी सुखवीर और ओमवीर की शादी नहीं हुई है। दोनों चाह रहे थे कि उनमें से किसी एक की शादी रितु के साथ हो जाए।
ऐसा नहीं होने से दोनों अपने छोटे भाई से रंजिश रखने लगे। शुक्रवार रात ओमवीर और उदयवीर ने शराब पी। दोनों ने मां से झगड़ा किया। शाम 6 बजे यशवीर दिल्ली से घर पहुंच गया। वह बस चलाता था। उसने दोनों भाइयों को समझाया। दोनों शांत हो गए। कुछ देर के लिए घर से बाहर चले गए। रात 10 बजे दोनों घर लौटकर आए। उन्होंने यशवीर के साथ गाली-गलौज की। दोनों ने उसके साथ मारपीट की। ओमवीर ने यशवीर का हाथ पकड़ लिया। उदयवीर ने उसके सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। यशवीर की मौके पर मौत हो गई। दोनों आरोपियों को गांव के बाहर से ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया।













Post a Comment
0 Comments