मासूम की मौत, पिता घायल, मां बाल बाल बची, गांव में मातम
Innocent child dies, father injured, mother narrowly escapes, mourning in the village
तहसील संवाददाता, इटवा (अवधेश कुमार मिश्र) सोमवार शाम को हुये सड़क हादसे में घायल चाचा को देखने अस्पताल जा रहे सिद्धार्थनगर जिले के गोल्हौरा थाना क्षेत्र के सेखुई निवासी संतोष त्रिपाठी उर्फ लंकी लखनऊ के खुर्रम नगर चौराहे पर सड़क हादसे का शिकार हो गये। लंकी तिवारी लखनऊ में चिनहट के कमता में पत्नी सुप्रिया एवं बेटे सात्विक (7) उर्फ शिवा के साथ रहकर एक प्राइवेट यूनिवर्सिटी (एमिटी) में लैब टेक्नीशियन की नौकरी करते हैं।
लंकी तिवारी के पिता राकेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उनका बेटा संतोष पत्नी सुप्रिया एवं पोते सात्विक को सोमवार शाम मोटरसाइकल से लेकर लखनऊ के खुर्रम नगर में अपने चाचा को देखने जा रहे थे। उनके चाचा रविवार को बंस्ती जनपद के रूधौली थाना क्षेत्र के दसिया में बस और ट्रक की टक्कर में घायल हुए थे जिन्हे बस्ती से रेफर लखनऊ के लिए किया गया था। वहा एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
खुर्रम नगर चौराहे के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकल में जोरदार टक्कर मार दी जिससे मोटरसाइकिल में आगे बैठा सात्विक उछलकर काफी दूर जा गिरा। जबकि मोटरसाइकिल घिसटती चली गई। पीछे बैठी सुप्रिया रोड के बाई तरफ जा गिरी एवं मोटरसाइकल चला रहे संतोष कुमार त्रिपाठी उर्फ लंकी सर के बल रोड पर जा गिरे। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच मौका देखकर अज्ञात वाहन चालक मौके से भाग निकला। वहीं सड़क हादसा देखकर इलाके में हड़कंप मच गया।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने सात्विक को मृत्यु घोषित कर दिया वहीं संतोष उर्फ लंकी त्रिपाठी की हालत गंभीर है। उनका इलाज मेडिकल कालेज के ट्रामा सेन्टर में चल रहा है। हादसे में मामूली रूप से घायल पत्नी सुप्रिया को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। सात्विक के बाबा राकेश कुमार त्रिपाठी उर्फ राजू तिवारी ने बताया कि उनका पोता एक निजी स्कूल से कक्षा एक का छात्र था। बेटे की मौत के बाद पिता को नहीं पता कि उनका दुलारा अब इस दुनिया मे नही है। परिजन गहरे सदमे मे हैं। वहीं सेखुई गांव में मातम पसरा है।













Post a Comment
0 Comments