नये साल को लेकर अलर्ट मोड में है दिल्ली पुलिस
Delhi police is on alert mode regarding new year
दिल्ली, एनसीआर राज्य संवाददाता (ओ पी श्रीवास्तव)। देश भर में नए साल के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर पर जारी है। पूरा एन सी आर नया साल मनाने के लिए बहुत उत्सुक है। हर नया साल नई आशाओं और उमंगों के साथ शुरू होता है। कई लोग इस दिन से अपने नए उद्देश्य और लक्ष्य बनाते हैं। पूरे देश में इस दिन जश्न का माहौल होता है। वहीं दिल्ली पुलिस ने भी त्योहारों के मद्देनजर अपनी कमर कस ली है।
केन्द्र सरकार के अधीन रहने वाली दिल्ली पुलिस इस समय हाई अलर्ट मोड पर आ गई है। राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतेजाम किए गए हैं। नए साल के जश्न में किसी अनहोनी से बचने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को इस संवाददाता को बताया कि उपद्रव और यातायात उल्लंघन पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस समेत 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एकत्रित होने वाले पीक प्वाइंट एवं दर्शनीय स्थलों पर विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी तथा रेलवे स्टेशन बस स्टैंड एवं मेट्रो में सादे वर्दी में पुलिस तैनात रहेगी।असमाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी की जाएगी।
एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस ने बाइक पर स्टंट और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों से निपटने के लिए पहले ही योजना बना ली है, ट्रैफिक पुलिस की मदद के लिए विभिन्न पुलिस थानों से अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे। पुलिस के अनुसार शिफ्ट ड्यूटी होगी और सभी एसएचओ को नए साल की पूर्व संध्या पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी टीमों के साथ सड़क पर रहने का आदेश दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई बाइक स्टंट जैसी गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो टीमें तुरंत दो या चार पहिया वाहन जब्त कर लेंगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि नए साल के जश्न के लिए हमारी टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, धर्मशाला, रैन बसेरों और अन्य स्थानों की जांच कर रही हैं, ताकि यह सत्यापित किया जा सके कि कोई व्यक्ति उचित दस्तावेज दिए बिना तो नहीं रह रहा है। उन्होंने कहा कि हमने राष्ट्रीय राजधानी में अवैध रूप से रहने वाले बंगला देशियो और रोहिंग्या की पहचान करने के लिए अपना विशेष अभियान पहले ही शुरू कर दिया है। अधिकारी के मुताबिक खुफिया एजेंसियों को भी इस अवसर पर सक्रिय कर दिया गया है। उम्मीद है नया साल 2025 सकुशल संपन्न होगा।










Post a Comment
0 Comments