दृष्टिहीन को आवास न मिलने पर भड़के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी
MLA Shalabh Mani Tripathi got angry when the blind did not get housing
देवरिया, 10 दिसंबर। देवरिया सदर से बीजेपी विधायक शलभ मणि त्रिपाठी एक कर्मचारी पर उस समय भड़क गए जब एक दृष्टिहीन व्यक्ति को आवास के लिए अपात्र बना दिया गया। इस संबंध में विधायक का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसकी पुष्टि “मीडिया दस्तक “ नहीं करता है। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पांडे ने पूछे जाने पर कहा कि उन्हें अभी वीडियो के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। साथ ही वह यह जानना चाहते थे कि यह मामला किस विकासखंड का है?
इस प्रकरण में बताया जा रहा है कि सोमवार को विधायक ( पत्रकार रह चुके) अपने आवास पर बैठकर लोगों की समस्यायें सुन रहे थे कि इसी दौरान विकासखंड बैतालपुर से एक व्यक्ति विधायक के समक्ष प्रस्तुत होकर प्रधानमंत्री आवास दिए जाने हेतु सिफारिश करने की गुहार लगाई। बताया जाता है कि विधायक ने संपूर्ण प्रकरण की जानकारी करने के बाद संबंधित कर्मचारी की क्लास लगा दी और उसे सही तरीके से काम करने की सख्त चेतावनी दी। बताते हैं कि विधायक ने ए डी ओ उमेश कुमार सिंह को फोन कर जमकर फटकारा और पूछा कि तुम्हें कमीशन नहीं पहुंचा क्या?
विधायक ने सोमवार को फोन लगा कर एडीओ से कहा कि इन्हें मकान देकर मुझे बताइए। उन्होंने सम्बंधित कर्मचारी को लताड़ते हुए कहा कि तुम नहीं, बल्कि योगी जी और मोदी जी लोगों को आवास दे रहे हैं। जानकारी के मुताबिक बैतालपुर विकास खंड क्षेत्र के सिरजम देई गांव निवासी रामहित प्रसाद दृष्टिहीन हैं। प्रधानमंत्री आवास के लिए उन्होंने आवेदन किया था, लेकिन विकास खंड के अधिकारियों ने अपात्र मानते हुए उनका आवेदन निरस्त कर दिया। बताया जाता है कि उन्होंने इस मामले में कार्यालय के कई चक्कर लगाए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
इससे दुखी हो कर पीड़ित रामहित सोमवार दोपहर फरियाद लेकर सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी के कैंप कार्यालय पर पहुंचे। उन्होंने विधायक को पूरी बात बताई। इसके बाद विधायक शलभ मणि त्रिपाठी का पारा चढ़ गया। उन्होंने तुरंत एडीओ उमेश कुमार सिंह को फोन लगा दिया। आवास न देने का कारण पूछते हुए लताड़ने लगे। विधायक ने एडीओ से कहा- विधायक फोन न करे तो तुम मकान नहीं दोगे। एक पात्र व्यक्ति को मकान नहीं दोगे। तुम्हारा माल तुम्हारे तक नहीं पहुंचा। यह दोनों आंखों से दिव्यांग हैं, अनुसूचित समाज से आते हैं, तुमने आवास क्यों कैंसिल किया? अपने पिता जी के पैसे से मकान दे रहे हो?
विधायक ने कहा, तुमने इनका मकान कैंसिल क्यों किया। इसका कारण मुझे बताओ। तुम अपने पिताजी के पैसे से दे रहे हो मकान कि मोदी जी और योगी जी पैसा भेज रहे हैं। तुम लोग सुधर जाओ, इतना जेल जा रहे हो, इतनी कार्रवाई हो रही है, तब भी नहीं सुधरते। विधायक ने कहा, इनका मकान देकर मुझे बताना कि मकान की चाबी दे दिए हो। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी से जब मंगलवार को बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह तो एक मीटिंग में है और इन्हें उन्हें इस बारे में कोई जानकारी ही नहीं है। वह पता करके देखते हैं कि क्या मामला है ? मुख्य विकास अधिकारी ने विधायक द्वारा दृष्टिहीन को आवास नहीं दिए जाने के संबंध में संबंधित कर्मचारियों की क्लास लगाने के बाबत पूछे गए प्रश्न के संबंध में कहा कि वह पता करके ही बता पाएंगे।
#shalabhmanitripathi













Post a Comment
0 Comments