बस्ती में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंज उठा शहर
बस्ती, 18 मई। शनिवार को भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण यात्रा में हजारों की संख्या में देशभक्त नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा का शुभारंभ शास्त्री चौक से हुआ, जो गांधी नगर होते हुए राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में जाकर सम्पन्न हुई। इस यात्रा का नेतृत्व पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य प्रो. प्रज्ञा तिवारी, और भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने किया। हाथों में तिरंगा लिए, देशभक्ति से ओतप्रोत नारों के साथ नगर की सड़कों पर उमड़े जनसैलाब ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा यह तिरंगा यात्रा हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान और देशभक्ति का प्रतीक है। आज बस्ती की धरती ने यह सिद्ध कर दिया कि यहाँ का हर नागरिक राष्ट्र के लिए समर्पित है। यह जनसैलाब हमारे जवानों और देश की अखंडता के प्रति हमारे दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। एमएलसी प्रो. प्रज्ञा तिवारी ने कहा भारत शौर्य तिरंगा यात्रा न केवल देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि है, बल्कि यह नई पीढ़ी को राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा भी देती है। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा यह यात्रा अब से 23 मई तक विधानसभा, ब्लाक, नगर पंचायत स्तर सहित गाँव गाँव तक चलेगी, जिसके लिए रुपरेखा तैयार कर ली गई है। कर्नल के.सी. मिश्र, ओम प्रकाश आर्य, पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह, गोपेश्वर त्रिपाठी, काजू श्रीवास्तव सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Post a Comment
0 Comments