फिरोजाबाद में 5वीं के छात्रा की हत्या, बोरे में मिली लाश
यूपी डेस्कः फिरोजाबाद में थाना नारखी क्षेत्र के बछगांव में मंगलवार रात ननिहाल आई 5वीं कक्षा की छात्रा की पड़ोस के युवक ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर घर के एक कमरे में ईंटों के नीचे छिपा दिया गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया, उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आशंका है आरोपी ने बच्ची से पहले रेप किया होगा।
छात्रा के पिता ने हत्या की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने बुधवार शाम को केस दर्ज कर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बताया कि मंगलवार को छात्रा खेलने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। नानी, मामा और अन्य परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह तक भी छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला।
जानकारी मिलने पर नारखी पुलिस, सीओ टूंडला अंबरीश कुमार और पचोखरा थाना प्रभारी पारूल मिश्र मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी टूंडला के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया और छात्रा की तलाश शुरू की गई। छानबीन के दौरान जानकारी मिली कि पड़ोस के ही युवक कौशल ने छात्रा से चाउमीन मंगवाई थी। पूछताछ में घर से 200 मीटर दूर ठेला लगाने वाले ने बताया कि छात्रा 200 रुपये लेकर आई थी। चाउमीन लेकर पैसे देकर चली गई थी। इस आधार पर पुलिस ने कौशल को हिरासत में लिया और थाने ले जाकर पूछताछ की।
पहले वह गुमराह करता रहा। लेकिन बुधवार शाम 7 बजे दोबारा सख्ती से पूछताछ करने पर अपराध कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया उसने ही छात्रा की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरे में भरकर घर में छिपा दिया। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी सौरभ दीक्षित के मुताबिक, 11 साल की बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी। परिजनों ने पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक पर आरोप लगाया. उस युवक से पूछताछ की गई तो उसी के घर से बालिका का शव बरामद हुआ। 4 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या के मामले में दर्ज किया जा रहा है।











Post a Comment
0 Comments