महराजगंज में तीन बसों की टक्कर, 40 यात्री घायल
मीडिया दस्तक, महराजगंज (सुनील पाण्डेय) गोरखपुर-महराजगंज हाईवे पर शुक्रवार सुबह भिटौली क्षेत्र के अगया चौराहे के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। तीन बसों की आमने-सामने हुई टक्कर में करीब 40 यात्री घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा ओवरटेकिंग की कोशिश के दौरान हुआ।
महराजगंज से गोरखपुर जा रही एक बस ने दूसरी बस को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी सामने से आ रही बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बसों के शीशे टूटकर बिखर गए और यात्री सीटों से उछलकर फर्श पर गिर पड़े। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। पुलिस और एंबुलेंस भी तुरंत मौके पर पहुंचीं और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।
चिकित्सकों ने कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई है, जिन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा सकता है। इस दुर्घटना से गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया। भिटौली थाना प्रभारी मदन मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा घायलों के इलाज में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।











Post a Comment
0 Comments