महराजगंज महोत्सव की तैयारियों का डीएम ने किया निरीक्षण
DM inspected the preparations for Maharajganj Festival.
सुनील पाण्डेय, जिला संवाददाता, महराजगंज। आगामी महराजगंज महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंच, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, साफ सफाई सहित सभी व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि महोत्सव के दौरान दर्शकों एवं प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर निर्माणाधीन मंच, सजावट कार्य तथा स्टॉलों की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि महराजगंज महोत्सव जिले की कला, संस्कृति, परंपरा एवं प्रतिभाओं के प्रदर्शन का उत्कृष्ट माध्यम है, इसलिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन सुनिश्चित करें।
उन्होंने डीपीआरओ और अधिशासी अधिकारी को परिसर की साफ-सफाई एवं जलनिकासी व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को दो दमकल वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। अपर पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा, बैरिकेडिंग और पार्किंग व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने पुरुष एवं महिला कलाकारों के लिए पृथक कक्ष तैयार करने, मंच व झूले आदि की फिटनेस जांच और विद्युत सुरक्षा प्रमाणपत्र जारी कराने के भी निर्देश दिए।
आयोजन समिति के सदस्यों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि महोत्सव को आकर्षक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा में सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि महोत्सव सफलतापूर्वक और भव्य रूप से संपन्न हो सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनुराज जैन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद आलोक कुमार सहित विद्युत, अग्निशमन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।











Post a Comment
0 Comments